जनविश्वास शिविर में बिफरे विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, गुस्से से रखा माइक, नीमच जिले के अधिकारियों को लगाई फटकार
जिले के जावद में जनविश्वास शिविर के दौरान पूर्व मंत्री और जावद विधायक बिफर गए। उन्होंने गुस्से से माइक रख शिविर में मौजूद अधिकारियों के समक्ष नाराजगी ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 07:06:34 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 07:06:34 PM (IST)
जनविश्वास शिविर में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा। (नईदुनिया)HighLights
- शिविर में मौजूद अधिकारियों को लगाई फटकार, प्रोटोकॉल याद दिलाए
- कलेक्टर के पहुंचने पर भी देरी को लेकर जताई नाराजगी
- गुस्से से माइक रख अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई
नईदुनिया न्यूज, जावद (नीमच) : जिले के जावद में जनविश्वास शिविर के दौरान पूर्व मंत्री और जावद विधायक बिफर गए। उन्होंने गुस्से से माइक रख शिविर में मौजूद अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई। बाद में शिविर में पहुंचे कलेक्टर के समक्ष भी नाराजगी जताई हालांकि कलेक्टर ने इस घटनाक्रम को नकारा है। वहीं एसडीएम व तहसीलदार ने घटनाक्रम की जानकारी होने से ही इंकार किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और नागरिकों के अनुसार यह घटनाक्रम शुक्रवार सुबह दोपहर साढ़े बारह से डेढ़ बजे के बीच का बताया जाता है। जिले के जावद विकासखंड मुख्यालय पर खोर दरवाजा स्थित सामुदायिक भवन में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत छठे समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे
समाधान शिविर में पूर्व मंत्री और जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे। बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद थे। मंच से संचालन रही श्वेता बैरागी ने कुछ ही देर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के पहुंचने के बाद शिविर की शुरुआत की बात कही तो यह सुन विधायक सकलेचा का धैर्य जवाब दे गया।
उन्होंने एसडीएम संजीव साहू, प्रभारी तहसीलदार बीके मकवाना और संचालिका के समक्ष नाराजगी जताई और गुस्से में उन्हें प्रोटोकाल का पाठ पढ़ा दिया। गुस्से में टेबल पर माइक रखते हुए सकलेचा ने कहा कि मैं कलेक्टर का इंतजार नहीं करूंगा। विधायक के यह तेवर देखर विकासखंड के राजस्व अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी सकते में आ गए।
घटनाक्रम के बाद समाधान शिविर संपन्न हुआ
कुछ देर बाद कलेक्टर चंद्रा पहुंचे तो विधायक ने कलेक्टर के समक्ष भी प्रोटोकॉल और कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर नाराजगी जताई। इस घटनाक्रम के बाद समाधान शिविर संपन्न हुआ, जिसमें लोगों की समस्याओं को सुनकर निराकरण का प्रयास किया गया। शिविर में हुए घटनाक्रम के संबंध में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा का पक्ष जानने के लिए तीन बार उन्हें काल किया गया लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं किया।
विकासखंड के अधिकारियों ने बनाई दूरी
समाधान शिविर में हुए घटना से जावद विकासखंड के प्रशासनिक अधिकारियों ने दूरी बनाई है, वे इस मसले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। कलेक्टर के देरी से आने पर विधायक के नाराज होने के घटनाक्रम पर जावद के प्रभारी तहसीलदार बीके मकवाना का कहना है कि मुझे जानकारी नहीं है। जावद एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि मैं शिविर सहित अन्य व्यवस्थाओं में लगा हुआ था। मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है कि वहां कुछ हुआ या नहीं हुआ।
शिविर अच्छे से संपन्न हुआ है
जावद में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत समाधान शिविर बेहतर रहा है। मेरे सामने किसी भी प्रकार का कोई घटनाक्रम नहीं हुआ है। विधायक के नाराज होने की जानकारी भी नहीं है। शिविर अच्छे से संपन्न हुआ है। - हिमांशु चंद्रा, कलेक्टर नीमच