
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। फायदे का सौदा बताने का झांसा देकर शहर के एक प्रापर्टी व्यवसायी का अपहरण किए जाने की बात सामने आई है। अपहरणकर्ताओं ने प्रापर्टी व्यवसायी से 25 लाख रुपये वसूले भी हैं। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटे प्रापर्टी व्यवसायी ने चार लोगों पर बंधकर मारपीट करने और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप लगाए हैं। नीमच सिटी पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
यह सनसनीखेज और हाई प्रोफाइल मामला दो अगस्त का बताया जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर के एलआईसी चौराहा स्थित चेतक बिल्डिंग निवासी हर्षित पुत्र पूनमचंद चौपड़ा ने रविवार रात को स्वजनों के साथ नीमच सिटी थाना पहुंचकर एक शिकायती आवेदन दिया है, जिस पर मामले की गंभीरता देख पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
प्रापर्टी व्यवसायी हर्षित चौपड़ा ने पुलिस को जानकारी दी है कि प्रापर्टी कारोबार से जुड़े कमलेश नगर से उनका पुराना परिचय है। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए कमलेश धनगर ने उन्हें राजस्थान के निंबाहेड़ा में एक जमीन का सस्ते में सौदा कराने की बात कही। साथ ही फायदे का सौदा बताकर मिलने के लिए मनासा रोड स्थित पीजी कॉलेज के पीछे की ओर बुलाया।
इसके बाद कमलेश धनगर और प्रथम प्रजापति ने उन्हें बलपूर्वक कार में बैठाया और निंबाहेड़ा ले गया। हर्षित चौपड़ा का आरोप है कि कार में निंबाहेड़ा से दो और युवक सवार हुए। इन चारों लोगों ने मिलकर निंबाहेड़ा क्षेत्र में एक पत्थर खदान पर ले जाकर बंधक बनाया और मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए फिरौती में 50 लाख रुपये की अवैध मांग की।
कमलेश धनगर, प्रथम प्रजापति और साथियों की मारपीट से डरकर हर्षित ने स्वजनों के माध्यम से 15 लाख रुपये और निंबाहेड़ा में व्यवस्था कर 10 लाख रुपये दिए। 25 लाख रुपये मिलने के बाद भी कमलेश व साथियों द्वारा 25 लाख रुपये की फिरौती की और मांग की गई। रात के समय मौका पाकर हर्षित निंबाहेड़ा की पत्थर खदान से भागकर रानी खेड़ा चौराहा तक पहुंचे और जैसे तैसे नीमच पहुंचकर स्वजनों से संपर्क किया।
इसके बाद देर रात नीमच सिटी थाने पहुंचकर शिकायत की है। नीमच सिटी टीआई विजय सागरिया ने बताया कि हर्षित चौपड़ा की शिकायत पर कमलेश धनगर, प्रथम प्रजापति व दो अन्य के खिलाफ अपहरण व मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद समूचे प्रकरण की स्थिति सामने आएगी।
जिले के नीमच और जावद में चौपड़ा परिवार का खासा रसूख है। वर्तमान में चौपड़ा परिवार की सदस्य स्वाति चौपड़ा नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष हैं और उनके ससुर संतोष चौपड़ा भाजपा के बड़े नेता व समाजसेवी हैं। हर्षित चौपड़ा भी संतोष चौपड़ा के नजदीकी रिश्तेदार है, इस कारण अपहरण और मारपीट कर 50 लाख में से 25 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के मामले को काफी हाई प्रोफाइल माना जा रहा है। पुलिस भी मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- मंदसौर में 26 साल के युवक को दिनदहाड़े किया किडनैप, मोबाइल से आया 50 लाख फिरौती का कॉल