नीमच के माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी ने बनाए चांदी के सिंदूरी सिद्धि विनायक, लड्डू के दाने पर किए जा सकते हैं विराजित
मुंबई के सिद्धि विनायक की तर्ज पर जावद के माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी ने 5 मिलीमीटर के सिंदूरी सिद्धि विनायक बनाए हैं, जिनका आकार इतना छोटा है कि उन्ह...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 04:44:29 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 04:44:29 PM (IST)
माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी द्वारा बनाई गई सिद्धि विनायक की चांदी की प्रतिमा लड्डू के दाने और नाखून पर रखी जा सकती है। वहीं उन्होंने चांदी के अष्ट विनायक भी बनाए हैं। (नईदुनिया)HighLights
- चांदी के सिंदूरी सिद्धि विनायक का वजन 50 मिलीग्राम
- मोतीचूर के लड्डू के एक दाने पर विराजित किया जा सकता है
- अंगुली के नाखून पर भी आसानी से रखा जा सकता है
जसवंत पुरोहित, नईदुनिया, नीमच : मुंबई के सिद्धि विनायक की तर्ज पर जावद के माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी ने 5 मिलीमीटर के सिंदूरी सिद्धि विनायक बनाए हैं, जिनका आकार इतना छोटा है कि उन्हें मोतीचूर के लड्डू के एक दाने पर विराजित किया जा सकता है। उन्हें अंगुली के नाखून पर भी आसानी से रखा जा सकता है। सोनी पूर्व में भी कई छोटे आकार की कलाकृतियां बना चुके हैं।
जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर जावद विकासखंड मुख्यालय के सराफा कारोबारी राजेश सोनी की पहचान माइक्रो आर्टिस्ट के रूप में हैं। वे शौकियां तौर पर छोटे आकार की चांदी की कलाकृतियां बनाते हैं। इस बार गणेशोत्सव में भगवान की स्तुति करते हुए राजेश सोनी ने लगभग 50 मिलीग्राम चांदी के तारों की मदद से 5 एमएम की सिंदूरी सिद्धि विनायक की मूर्ति बनाई है।
सिद्धि विनायक मंदिर और बप्पा की मूर्ति देश व दुनिया के भक्तों को आकर्षित करती है
इस संबंध में सोनी बताते हैं कि मुंबई का सिद्धि विनायक मंदिर और बप्पा की मूर्ति देश व दुनिया के भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करती है। मैंने गणेशोत्सव के दौरान चांदी के तारोंं की मदद से मुंबई के सिद्धि विनायक की तर्ज पर सिंदूरी सिद्धि विनायक की मूर्ति बनाई है। यह मूर्ति बेहद छोटे होने के बावजूद आकर्षक हैं, इसे लड्डू के छोटे दाने और अंगुली के नाखून पर रखा जा सकता है।
चांदी के तार सिर के बाल जैसे बारीक हैं
सोनी के अनुसार चांदी के तार सिर के बाल जैसे बारीक हैं, इनकी मदद से मस्तक, सूंड, हाथ और पैर अलग-अलग बनाकर बेहद सावधानी से माइक्रो वेल्डिंग से जोड़े गए हैं। विदित रहे कि माइक्रो आर्टिस्ट सोनी गणेशोत्सव की शुरुआत में गणेश चतुर्थी के दिन 6-6 एमएम की अष्ट विनायक की चांदी की आठ मूर्तियां भी बना चुके हैं। गणेशोत्सव में सोनी की कलाकार देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं।
अब तक ये कलाकृतियां बनाईं
- साल 2007 में विश्व के सात अजुबों में शामिल ताज महल की सबसे छोटी आकृति बनाई। बेहद छोटी इस आकृति को भी अंगुली के नाखून पर रखा जा सकता है।
- साल 2011 में क्रिकेट के विश्व कप में भारत की जीत की कामना से चांदी का सबसे छोटा विश्व कप बनाया था जो काफी चर्चाओं में रहा था।
वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित
माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी का शौक व जुनून हमेशा कुछ अलग करने का रहा है। इसी कारण उन्होंने नीमच-मंदसौर जिले की पहचान अफीम की खेती से प्रेरित होकर सोने का दुनिया का सबसे छोटा अफीम का डोडा बनाया था, जिस पर इंग्लैंड की वर्ल्ड रिकार्ड संस्था ने काफी सराहा और उन्हें वर्ल्ड रिकार्ड अवार्ड से सम्मानित भी किया। सोनी इस कला के दम पर अब तक देश की ख्यातनाम हस्ती लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और राजनाथ सिंह से मुलाकात कर चुके हैं और उनकी सराहना पा चुके हैं।