
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। शहर के समीप ग्राम बिसलवास बामनिया में गुरुवार को दो पक्षों में विवाद सामने आया है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पिस्टल लहराकर धमकाने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम बिसलवास बामनिया में हुआ है।
एक पक्ष के दीपक नागदा और स्वजन बाबूलाल नागदा का आरोप है कि गांव के फतेहलाल उर्फ महावीर नागदा ने पहले कार से टक्कर मारकर बाइक का इंडिकेटर तोड़ दिया और आपत्ति लेने पर पिस्टल लहराकर धमकाने की बात कही। उन्होंने फतेहलाल उर्फ महावीर नागदा पर अवैध धंधों में लिप्त होने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- अस्पताल का रिबन कटने से पहले ही 40 लाख की मशीनें चोरी, ढाई महीने बाद भी भोपाल पुलिस के हाथ खाली
वहीं दूसरे पक्ष के रंजीत नागदा का आरोप है कि गांव के दीपक नागदा, बाबूलाल नागदा उर्फ लाला, नंदकिशोर नागदा सहित अन्य स्वजनों ने विवाद किया है। ये लोग पिछले कई दिनों से खेत और घर के आसपास घूम रहे हैं। विवाद पर आमादा हैं। गांव में प्रभाव जमाने की कोशिश में मुझे व भाई फतेहलाल को धमका रहे हैं। दोनों पक्षों ने नीमच सिटी थाने पर शिकायत की है। पुलिस ने जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है।