
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच : रेलवे स्टेशन पर दो साल से अधिक समय से दो करोड़ से अधिक की लागत से बन रहा गुड्स शेड अधूरा पड़ा है। पैदल पुल भी अधूरा पड़ा है। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के कारण करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी यात्री सुविधाओं से वंचित है। वहीं रेलवे के स्तर पर निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के दावे किए जा रहे हैं।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में नीमच प्रमुख रेलवे स्टेशन है। सन 1880 में स्थापित होने के कारण रेलवे स्टेशन को हेरिटेज श्रेणी में रखा गया है। मॉडल स्टेशन योजना में शामिल स्टेशन के विकास के लिए रेलवे निरंतर काम कर रहा है।
पूर्व में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराने के बाद रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर 3 पर माल गोदाम के स्थान पर गुड्स शेड का निर्माण कार्य शुरू कराया। करीब दो करोड़ से अधिक की लागत से गुड्स शेड का निर्माण कार्य जारी है। पैदल पुल भी बनाया जा रहा है लेकिन निर्माण की गति बेहद धीमी है। दो साल से अधिक समय से निर्माण अधूरा पड़ा है, जिसके कारण एक ओर जहां निर्माण की लागत बढ़ रही है। वहीं दूसरी ओर यात्री भी सुविधा से वंचित है।
रेलवे के स्तर पर जितनी सुविधाएं नीमच को मिलना चाहिए नहीं मिल पा रही है। रेलवे स्टेशन पर निर्माण की गति बेहद धीमी है। प्लेटफार्म नंबर 3 पर गुड्स शेड और पैदल पुल का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। समय सीमा से ज्यादा समय बीतने के बाद भी काम अधूरा होने से यात्री सुविधाओं से वंचित है। - तरुण बाहेती, जिलाध्यक्ष कांग्रेस नीमच
रेलवे स्टेशन नीमच पर रेलवे के स्तर पर कई विकास कार्य जारी है। पूर्व में माडल स्टेशन बनाने की दिशा में करोड़ों के विकास कार्य कराये गये हैं। प्लेटफार्म नंबर 3 पर गुड्स शेड, पैदल पुल और अन्य निर्माण कार्य जारी है, जिन्हें जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। - मुकेश कुमार पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल
यह भी पढ़ें- नीमच में जल्द शुरू होगा एयरपोर्ट, खेल स्टेडियम का भी होगा निर्माण, चमकेगी मालवा अंचल की किस्मत