
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। शहर के केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) परिसर में सीवर लाइन के चैंबर में दो मजदूरों की मौत हो गई। चैंबर में एक मजदूर को अचेत देख दूसरा मजदूर मदद के लिए उतरा तो वह भी अचेत हो गया। चैंबर से बमुश्किल दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। मजदूरों की मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
यह घटनाक्रम मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच का बताया जाता है। सीआरपीएफ परिसर में पुरानी सीवर लाइन के स्थान पर नई सीवर लाइन का काम चल रहा है। इसी दौरान नई सीवर लाइन के करीब 10 फीट गहरे चैंबर में काम करने के लिए मजदूर महेश पुत्र जालू ताड़ (आयु करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम नाहरपुरा, तहसील पेटलावद, जिला झाबुआ) उतरा, लेकिन चैंबर में ही अचेत हो गया।
काफी देर तक चैंबर से बाहर नहीं आने पर पत्नी अनीता ने देखा तो महेश चैंबर में अचेत पड़ा था। यह देख साथी मजदूर रूपेश पुत्र रामू शाह (आयु करीब 19 वर्ष, निवासी नेहासिगर, थाना किशनपुरा, जिला सुपौल, बिहार) चैंबर में मदद के लिए उतरा तो वह भी अचेत हो गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर सनसनी फैल गई। दोनों मजदूरों को बमुश्किल चैंबर से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नीमच कैंट पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवाते हुए मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। मजदूरों की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो सकेगा। नीमच कैंट टीआई सौरभ शर्मा ने बताया कि सीआरपीएफ परिसर में चैंबर में दो मजदूरों की मौत हुई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो सकेंगे। मामले में जांच की जा रही है।
मजदूरों के चैंबर में अचेत होने की सूचना पर निर्माण एजेंसी के एक इंजीनियर ने चैंबर में उतरने का प्रयास किया, लेकिन दम घुटने की शिकायत होने पर इंजीनियर चैंबर की आधी गहराई से ही वापस लौट आया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ परिसर में करीब एक साल से अधिक समय से सीवर लाइन का काम जारी है। यह काम 'एसएस टोटल' नाम की एजेंसी करा रही है। पुरानी सीवर लाइन और चैंबर के स्थान पर नई सीवर लाइन डालकर चैंबर बनाए जा रहे हैं। मंगलवार को नए और पुराने सीवर लाइन व चैंबर को जोड़ने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान नई सीवर लाइन के करीब 10 फीट गहरे चैंबर में हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 से पहले अभेद्य होगा MP... भोपाल में ₹200 करोड़ से बनेगा काउंटर टेररिज्म सेंटर, तैयार होंगे 250 कमांडो
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महेश ताड़ पत्नी अनीता के साथ करीब 3 से 4 माह से सीआरपीएफ परिसर में रहकर मजदूरी कर रहा था। वहीं रूपेश शाह करीब 3 से 4 दिन पूर्व ही मजदूरी के लिए सुपौल, बिहार से आया था। महेश के परिवार में पत्नी अनीता के अलावा तीन बच्चे हैं। वहीं रूपेश के परिवार में माता-पिता सहित अन्य स्वजन हैं।
महेश की पत्नी अनीता और रूपेश के भाई श्रवण ने निर्माण एजेंसी पर सुरक्षा किट नहीं देने और घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।