_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच : दीवाली की रात रविवार को पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना शहर के भरभड़िया चौराहे के पास स्थित हाइवे 24×7 होटल-कैफे की बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि रविवार रात शहर के भरभड़िया चौराहे के पास स्थित हाइवे 24×7 होटल-कैफे पर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें दोनों गुटों के 50 से ज्यादा युवक आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इसमें भाजपा नेता मनीष चोरसिया के पुत्र 24 वर्षीय ईशान की मौत हो गई, जबकि तीन युवक युवक घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है। आरोप है कि इस दौरान एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना शहर के भरभड़िया चौराहे के पास की है। बताया जा रहा है कि निहाल और रुद्राक्ष के बीच पहले विवाद हुआ था। इसके बाद ईशान और मेग जैन दोनों के बीच बातचीत कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के करीब 50 लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच झड़प शुरू हो गई।
मारपीट में तीन युवक निहाल, रवि व मेग जैन घायल हुए हैं। इनमें 20 वर्षीय निहाल शर्मा पुत्र रवि शर्मा और 25 वर्षीय रुद्राक्ष पुत्र राजेश की हालत गंभीर है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। ईशान की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई।
क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र भटनागर समेत कई जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी राजेश व्यास कैंट थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि ईशान की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
ईशान के पिता और भाजपा नेता मनीष चौरसिया पूर्व जिला मंत्री और पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद ईशान काफी देर तक होश में था। पुलिस के मुताबिक, थाने में शुरुआती कार्रवाई और बयान के दौरान भी उसकी हालत सामान्य थी। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच और इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई। जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि उसके कान के नीचे कनपटी में अंदरूनी चोट लगी थी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भाटखेड़ा फंटे से नयागांव टोल तक हाईवे किनारे कई ढाबे, होटल और कैफे हैं, जहां देर रात तक युवाओं की भीड़ रहती है। लोगों का आरोप है कि इन जगहों पर असामाजिक गतिविधियां होती हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने ऐसी जगहों पर निगरानी बढ़ाने और नियमों का पालन कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- ₹500 मांगने पहुंची थी पड़ोसन, झुमके देख बिगड़ी नीयत, मुंह-नाक दबाकर मार डाला; महिला की हत्या का खुलासा