पन्ना में तीन करोड़ के 175 हीरे जमा, ऑटो ड्राइवर की चमकी किस्मत, 3.17 कैरेट का मिला हीरा, नीलामी की तैयारी
हीरा कार्यालय में अब तक 175 हीरे जमा हो चुके हैं। इन हीरों का कुल वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 07:34:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 07:40:42 PM (IST)
एनएमडीसी में ऑनलाइन नीलामी की तैयारी, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- एनएमडीसी में ऑनलाइन नीलामी की तैयारी
- पन्ना में की जाएगी 175 हीरों की नीलामी
- रुपये की कीमत गिरने से बढ़ा इंतजार..
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने इस वर्ष भी हीरों की चमक बिखेरी है। हीरा कार्यालय में अब तक 175 हीरे जमा हो चुके हैं। इन हीरों का कुल वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
हीरे की अंतिम नीलामी दिसंबर 2024 में हुई थी। इसके बाद से हीराधारक नीलामी का इंतजार कर रहे हैं। हीरा पारखी अनुपम सिंह का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण नीलामी नहीं हो पा रही है। 2024 में जब नीलामी हुई थी, तब एक डॉलर की कीमत करीब 85 रुपये थी, जो अब बढ़कर 92 रुपये से ज्यादा हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस बार नीलामी ऑनलाइन कराने पर विचार किया जा रहा है। जनवरी 2027 तक नीलामी हो सकती है। वहीं खनिज अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि नीलामी जल्द कराने की तैयारी की जा रही है।
NMDC में होती है ऑनलाइन नीलामी
पन्ना के मझगवां में संचालित नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएमडीसी) की हीरा खनन परियोजना में भी हीरे की ऑनलाइन नीलामी होती है। एक माह पूर्व यहां ऑनलाइन नीलामी हो चुकी है। एनएमडीसी में गत 15 सितंबर को 27.29 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस साल मिले बड़े हीरे
अगस्त में सरकोहा क्षेत्र की खेत खदान में अखिलेश पाल और उनके सात साझेदारों को 16.96 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला। अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। अक्टूबर में सरकोहा क्षेत्र की खदान से राजकुमार श्रीवास और गुड्डी देवी को चार हीरे (1.62, 1.29, 1.44 और 0.81 कैरेट) मिले।
अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई। जून में पट्टा खदान में मीरा सिंह को 6.54 कैरेट का मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है।
ऑटो चालक की चमकी किस्मत, मिला 3.17 कैरेट का हीरा
पन्ना में आटो चालक सोनू रैकवार को उथली खदान से 3.17 कैरेट का हीरा मिला है। इसे शुक्रवार को उन्होंने हीरा कार्यालय में जमा करा दिया। हीरे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। सोनू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें रात में हीरा मिलने के सपने आ रहे थे।
उन्होंने यह बात परिवार वालों को बताई, तो सभी ने खदान लगाने की सलाह दी। सोनू ने 15 दिन पहले हीरा कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की। सोनू का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वे आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।