
पन्ना नईदुनिया न्यूज। रत्नगर्भा पन्ना की धरती ने एक बार फिर साधारण किसानों की किस्मत चमका दी है। पटी क्षेत्र में लगी निजी हीरा खदान से किसान बद्री पटेल और उनके 5 साथियों को 4.87 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा प्राप्त हुआ है। हीरा कार्यालय के अनुसार इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पट्टाधारक बद्री पटेल ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से खदान में मेहनत कर रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। इस बार उन्होंने अपने साथियों रामचंद्र दुबे, रतन यादव, रामगोपाल पटेल, पहलवान ओटल और भीकम पटेल के साथ मिलकर पटी में नई खदान शुरू की थी। महज 15 दिन की मेहनत में ही यह बेशकीमती हीरा मिल गया।
भगवान जुगल किशोर के भक्त बद्री पटेल ने कहा कि हीरा मिलने से पहले मन में एक अलग उमंग महसूस हो रही थी। यह सब भगवान की कृपा का परिणाम है। हीरा जमा कराने पहुंचे साथियों ने बताया कि इस राशि से जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। कोई पक्का मकान बनाएगा तो कोई बेटी की शादी करेगा।
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार 4.87 कैरेट का यह हीरा पूरी तरह परिपक्व और उच्च श्रेणी का है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि में से शासकीय रॉयल्टी काटकर शेष राशि पट्टाधारक और उनके साथियों के खाते में जमा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब मामले में आरोपियों को हाई कोर्ट से राहत, बुलडोजर कार्रवाई पर अंतरिम रोक