
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। जिले के नचना गांव में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की खुदाई के दौरान शृंगार करती नायिका की अनूठी प्रतिमा मिली है। करीब 20 सेंटीमीटर ऊंची इस प्रतिमा में महिला के आभूषणों और केश सज्जा को बारीकी से उकेरा गया है। खास बात यह है कि प्रतिमा में महिला बालों में क्लिप लगाती नजर आती है।
धूसर बलुआ पत्थर से बनी इस प्रतिमा की सतह पॉलिशयुक्त है। महिला के गले में सात लड़ियों वाला हार है, जबकि हाथों में कंगन और बाजुओं में बाजूबंद नजर आते हैं।
प्रतिमा की बनावट और शृंगार की बारीकियां उस दौर की सौंदर्य परंपरा और मूर्तिकला की दक्षता को सामने लाती हैं। एएसआई के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक मिली मूर्तियों में शृंगार करती महिला की यह पहली प्रतिमा है।
एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. शिवकांत वाजपेयी के मुताबिक, प्रतिमा को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है। बाद में इसे संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि लोग गुप्तकालीन महिलाओं की शृंगार परंपरा और उस समय की कला को करीब से देख सकें।
पन्ना जिले का नचना क्षेत्र गुप्तकालीन स्थापत्य और मूर्तिकला के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां पांचवीं शताब्दी का प्रसिद्ध चौमुखनाथ मंदिर स्थित है। नई प्रतिमा की प्राप्ति से इस क्षेत्र के पुरातात्विक महत्व में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दीपावली की छुट्टियों में भी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का होगा निराकरण