'कोई खुशी से रिश्वत दे तो मना नहीं करता', वीडियो वायरल होने के बाद नपे एग्जीक्यूटिव इंजीनियर
पन्ना में लोकायुक्त पुलिस ने जल संसाधन विभाग के दो कर्मचारियों को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 10:31:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 10:31:26 PM (IST)
लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पकड़ा , नईदुनियाHighLights
- पन्ना में नपे एग्जीक्यूटिव इंजीनियर
- लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पकड़ा
- वीडियो वायरल होने के बाद नपे
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में लोकायुक्त पुलिस ने जल संसाधन विभाग के दो कर्मचारियों को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था। कार्रवाई के बाद विभाग के कार्यपालन यंत्री सीबी अहिरवार का एक वीडियो बहुप्रसारित हुआ है जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह रिश्वत मांगते नहीं हैं, लेकिन कोई खुशी से दे तो लेने से इंकार भी नहीं करते।
इस मामले में शासन ने शुक्रवार को उन्हें निलंबित कर दिया है। राज्य शासन ने आदेश में कहा कि इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वक्तव्य में कदाचरण की स्वीकारोक्ति को गंभीरता से लिया गया है। यह कृत्य मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 (1) का उल्लंघन एवं शासकीय सेवक के आचरण के प्रतिकूल है।
लोकायुक्त ने रिश्वत लेते हुए पकड़ा
सीबी अहिरवार ने वीडियो में ठेकेदार की ओर से पैसे देने को उसकी अच्छी पहल बताते हुए कहा था कि यह ठेकेदार का सद्भाव है। उन्होंने शिकायतकर्ता गौरव तोमर का जिक्र करते हुए कहा कि उसने दोनों कर्मचारियों के रिश्वत मांगने की शिकायत उनसे नहीं की थी।
यदि शिकायत होती तो जरूर कार्रवाई करते। बता दें कि सागर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को जल संसाधन विभाग के संभागीय लेखापाल दीपक परिहार को 15 हजार और लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।