
नईदुनिया न्यूज, अजयगढ़। पन्ना जिले के अजयगढ़ में मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के विस्थापितों की मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अमित भटनागर की बुधवार को गिरफ्तारी के बाद ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा संभालते हुए खुलकर मैदान में उतर आई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विस्थापितों को उनका हक और मुआवजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं के धरना स्थल पर पहुंचने से आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने की चर्चा भी तेज हो गई है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भी धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

जिला उपाध्यक्ष अध्यक्ष राकेश गर्ग ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अमित भटनागर व दिव्या अहिरवार सहित कई आंदोलनकारियों को पुलिस प्रशासन ने प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की जमानत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जमानत के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे पंरन्तु संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे। इसके चलते अधिकारियों के बाबुओं को आवेदन सौंपकर कांग्रेस की टीम धरना स्थल पर पहुंची और आंदोलनकारियों से मुलाकात की।
राकेश गर्ग ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीश खान को भी दी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विस्थापित परिवारों की मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग को लेकर उनका समर्थन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- तीन दशक बाद हुआ 300 रुपये रिश्वत मामले का निराकरण, तत्कालीन पटवारी को हाई कोर्ट से राहत