
नईदुनिया प्रमिनिधि, पन्ना। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने देर रात 28 अक्टूबर को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस सूची में पन्ना जिले का भी नाम शामिल है।
आदेश के अनुसार पन्ना की वर्तमान पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू को हटाकर 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर में पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर सव्यसाची सराफ को पन्ना जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
नए एसपी सव्यसाची सराफ मूल रूप से मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा के 1998 बैच के अधिकारी हैं, जिन्हें जून 2025 में हुई विभागीय प्रमोशन कमेटी की बैठक में IPS में प्रमोट किया गया था।
IPS में प्रमोशन से पहले वे पुलिस मुख्यालय भोपाल में AIG (सेलेक्शन) के महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ थे। वर्तमान में वे SP साइबर क्राइम, इंदौर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। साइबर क्राइम और फील्ड दोनों का लंबा अनुभव होने के कारण उन्हें तेज-तर्रार अधिकारी माना जाता है।
पन्ना जिले में निवेदिता नायडू के कार्यकाल में ठगी गिरोह और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाईयां हुई थीं। अब नए एसपी के आने से जिले में कानून व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर जिला अस्पताल में ओपीडी से गायब मिले सात डाॅक्टर, सिविल सर्जन ने थमाया कारण बताओ नोटिस