
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में फर्जी वीजा बनाकर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर और दिल्ली से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद, 14 पासपोर्ट, फर्जी वीजा, कार और मोबाइल बरामद किए हैं।
बृजपुर थाना क्षेत्र के अहिरगवां कैंप निवासी हीरामन मंडल और देवानंद मंडल ने 11 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि आशु चौधरी नामक व्यक्ति ने विदेश भेजने और वीजा बनवाने का झांसा देकर उनसे 12 लाख 65 हजार 900 रुपये ले लिए और पासपोर्ट भी रख लिया है। तीन महीने बाद आरोपित ने पासपोर्ट में वीजा चस्पा कर वापस कर दिया, लेकिन अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जांच में वीजा फर्जी निकला।
पुलिस ने मुख्य आरोपित आशु चौधरी (31) पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी आजूपुरा जट, थाना हींगपुर दीपा, जिला बिजनौर को पकड़ा। उसने आदिल उर्फ अली (36) पुत्र शमीम अहमद निवासी कीरतपुर, जिला बिजनौर, हाल निवासी शिव विहार करावल नगर नई दिल्ली के साथ मिलकर ठगी की और 6.50 लाख रुपये कमीशन के रूप में दिए थे। आदिल को दिल्ली के करावल नगर से गिरफ्तार किया गया है। वह दिल्ली में बीएफएस कंपनी के बाहर वीजा एजेंट का काम करता था।