
नवदुनिया प्रतिनिधि, सारंगपुर। लगातार हो रही चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर गिरोह को पकड़कर सारंगपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी के साथ जमीन पर उतरकर और 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोर गिरोह तक पहुंच बनाई और 11 चोरी के मामलों का खुलासा किया। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ करीब 4 लाख रुपए के जेवर-नकदी बरामद किए हैं, जबकि 7 चोरी की मोटरसाइकिलों की कड़ी भी सामने आई है।
सोमवार को पुलिस थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में सभी मामलों का खुलासा करते हुए सारंगपुर एसडीओपी अरविंद सिंह एवं थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि ऑपरेशन चक्षु 360 डिग्री के तहत हमारी सभी टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों को ट्रेस करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
आरोपितों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में तीन अन्य मोटरसाइकिलें अपने एक साथी के पास होना भी बताया गया है।
एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि गिरोह रात में सूने मकानों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करता था। सारंगपुर के बाबड़ल्या, ब्यावरा मांडू, कुटिया रेस्टोरेंट के पीछे, ब्लॉक कॉलोनी, पाड़ल्या रोड, रेलवे आवास कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातें सामने आई थीं। इनमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी।
इसके अलावा पुराने बस स्टैंड स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, एमपीईबी सब स्टेशन बिगनोदिपुरा और धनोरा जोड़ के पास से भी मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने इन मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई।
लगातार वारदातों के बाद पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा थाना सारंगपुर में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थलों और शहर के प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। संदिग्धों की गतिविधियां अलग-अलग कैमरों में मिलने के बाद उनके आने-जाने का रूट तैयार किया गया। करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की जांच और साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इसके बाद कपिल उर्फ गोलू कंजर (27), टोनू कंजर (21) और घनश्याम कंजर (28), तीनों निवासी देवड़ा, थाना सुंदरसी, जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपित अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया। पुलिस के अनुसार कपिल पूर्व में डकैती की तैयारी जैसे गंभीर अपराध में भी संलिप्त रहा है।
यह भी पढ़ें- बड़वानी को मिलेगी जाम से मुक्ति, 42 करोड़ की लागत से बनेगा बायपास, डेब व देवनली नदियों पर भी बनेंगे दो बड़े पुल
थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संपत्ति संबंधी अपराधों की पड़ताल में लगातार सक्रियता दिखाई है। पुलिस का दावा है कि रघुवंशी के कार्यकाल में सामने आई चोरी की कई वारदातों को पुलिस टीम ने ट्रेस कर आरोपितों तक पहुंच बनाई है। इस मामले में भी टीम ने पुराने और हाल के मामलों के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर गिरोह तक पहुंच बनाई।