
नईदुनिया न्यूज, ककरहटी (पन्ना)। महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। चाकन थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पन्ना जिले के गढ़ीपड़रिया गांव निवासी 32 वर्षीय राजा भैया कुशवाहा और उनके एक वर्षीय मासूम बेटे श्रषभ की मौत हो गई है।
आज 15 सितंबर को गृह ग्राम में छोटे भाई द्वारा दोनों को नम आंखों से मुखाग्नि दी गई। एक साथ पिता-पुत्र की अर्थी उठते देख पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजा भैया अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पुणे में मजदूरी करते थे।
बीती 12 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने बच्चों की दवाई दिलाकर परिवार के साथ पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान चाकन थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजा भैया और उनका एक साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद दोनों को मौसी गांव स्थित धनश्री हॉस्पिटल ले जाया गया। इलाज के दौरान 13 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे राजा भैया ने दम तोड़ दिया, वहीं उसी दिन शाम करीब 5 बजे उनके मासूम बेटे श्रषभ ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गनीमत यह रही कि हादसे में राजा भैया की पत्नी और उनकी छोटी बेटी बाल-बाल बच गए। पोस्टमार्टम के बाद शवों को गृह ग्राम लाया गया। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य और मासूम बेटा छिन जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अब परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और भरण-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है। परिवार में माता-पिता, पत्नी, छोटा भाई, छोटी बहन और एक बेटी शेष हैं, जिनके भविष्य को लेकर अब अनिश्चितता के बादल छा गए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर स्टेशन पर 12 पेंट्रीकारों में गड़बड़ी, रेलवे ने लगाया 60 हजार का जुर्माना, बिरयानी-सब्जी के नमूने जब्त