
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। अजयगढ़ थाना अंतर्गत लोढ़ा पुरवा गांव में बीएससी की टॉपर छात्रा सृष्टि मिश्रा ने शनिवार को जहर खाकर अपनी जान दे दी। उसने मौत से पहले वीडियो बनाया, जो रविवार को सामने आया है। सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर पुलिस ने सोमवार को आरोपित बरखू ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा ने बीएससी फाइनल ईयर के रिजल्ट में कॉलेज में टॉप किया था। बिटिया की इस उपलब्धि पर घर में खुशियां मनाई जा रही थीं। इस बीच छात्रा ने जहर खा लिया। स्वजन उसे तुरंत अजयगढ़ अस्पताल ले गए, जहां से पन्ना जिला अस्पताल और फिर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रीवा ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
स्वजन का आरोप है कि भीना निवासी बरखू ठाकुर पुत्र चंद्रपाल ठाकुर सृष्टि को वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
पिता सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बरखू ठाकुर उनकी बेटी से बातचीत करता था। उन्होंने युवक के घर जाकर समझाया भी था। कुछ समय वह ठीक रहा, लेकिन जब भी घर के लोग खेत या काम के सिलसिले में बाहर जाते तो आरोपित उनके घर आ जाता और बेटी पर बातचीत करने का दबाव बनाता था। वह धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। पिता ने भावुक होकर कहा कि मेरी बेटी तो चली गई, लेकिन आरोपित को फांसी की सजा मिले।
यह भी पढ़ें- उज्जैन को मीट-फ्री जोन बनाने की तैयारी, शहर सीमा से बाहर शिफ्ट हो सकती हैं मांस की दुकानें
छात्रा सृष्टि ने जहर खाने से पहले रोते हुए एक वीडियो बनाया है। उसके दुख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके मुंह से ठीक से शब्द भी नहीं निकल पा रहे थे। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि बरखू के कारण मैं अपनी जान दे रही हूं। उसने मेरे साथ इतना गलत किया है कि मैं जीने लायक नहीं बची हूं। छात्रा के मोबाइल पर आरोपित की चैटिंग और लगातार वॉट्सऐप कॉलिंग का रिकॉर्ड मिला है।