
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पन्ना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने 180 लीटर देशी शराब के साथ एक लग्जरी कार जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं। जब्त शराब की कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।
ग्राम छापर टेक के पास पुलिस ने संदिग्ध कार को देखा। पुलिस टीम को देखकर चालक ने कार को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से पीछा कर वाहन को रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर सीटों के नीचे और डिग्गी में खाकी रंग के कार्टून मिले, जिनमें 1000 क्वार्टर देशी शराब थी।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवेन्द्रनगर की ओर से एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में अवैध शराब पन्ना बिक्री के लिए लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम गठित कर पन्ना-सतना रोड पर रवाना किया गया।
पुलिस ने कार चालक सौरभ विश्वकर्मा (31) और उमेश रैकवार (30) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में फरार आरोपियों के नाम सामने आए हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 6 महीने की मासूम की मौत, मेडिकल कॉलेज की उपचार व्यवस्था पर लगे गंभीर आरोप, अब जांच करेगी टीम