
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले सोनू रैकवार की किस्मत उस समय चमक गई, जब खदान में उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिला। उन्हें हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
सोनू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें रात में सोते समय हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। जब नींद खुलती तो उन्हें लगता कि काश यह सपना सच हो जाए। जब उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई, तो सबने खदान लगाने की सलाह दी।
सोनू ने कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की। खदान लगाने के महज 15 दिन की मेहनत में ही उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि हीरे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। हीरा कार्यालय में अब तक 175 हीरे जमा हैं, जिनका वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये है। हीरे की अंतिम नीलामी दिसंबर 2024 में हुई थी।
सोनू का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वे आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अफगान नागरिकों के फर्जी पासपोर्ट के तार जबलपुर से दमोह तक जुड़े, कार्यालय में खंगाले दस्तावेज