
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना पुलिस ने ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी पेज बनाकर लोगों को लोन का झांसा देकर ठगी करते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने फाइल चार्ज, टीडीएस सहित अन्य शुल्कों के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से 91,268 रुपये जमा कराए फिर मोबाइल बंद कर दिया। शिकायत पर थाना सुनवानी में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एएसपी वंदना सिंह चौहान और एसडीओपी पवई शिवा पाठक के मार्गदर्शन में निरीक्षक हरवचन सिंह कुड़ापे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल पन्ना की तकनीकी मदद से आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी के रूप में हुई, जो दिल्ली से वारदात को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस टीम ने दिल्ली के जनकपुरी से सर्वव्यापेंद्र प्रताप उर्फ अंकित (30) और अरविंद कुमार (29) को गिरफ्तार किया। ठगी के 90 हजार रुपये, 7 मोबाइल फोन और 3 लैपटॉप सहित 12.2 लाख रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को फरियादी बालकिशन अहिरवार ने थाना सुनवानी में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने फेसबुक पर ‘CF सर्विस’ नाम के पेज पर लोन का विज्ञापन देखा और दिए गए नंबर पर संपर्क किया था।
जांच में आरोपियों के बैंक खातों से जुड़ी एनसीआरपी पोर्टल पर 15 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें विभिन्न राज्यों में दर्ज मिली हैं। आरोपी फेसबुक-इंस्टाग्राम पर ‘CF सर्विस’ पेज बनाकर लोन का विज्ञापन देते थे, संपर्क में आए लोगों से फर्जी बैंक खातों में यूपीआई और क्यूआर कोड से राशि जमा कराते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रादुवि में अंकों की हेराफेरी पर 23 साल बाद कार्रवाई, पांच आरोपियों पर कोर्ट में चार्जशीट