
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हिंदू सनातन रथ यात्रा के दौरान चोरी और चेन स्नैचिंग करने वाले अंतरराज्यीय बावरिया गैंग का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के 10 सदस्यों को राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 42 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के अनुसार 12 अक्टूबर को रथ यात्रा पन्ना से अमानगंज पहुंची थी। दोपहर करीब 3:15 बजे स्टेडियम ग्राउंड में कार्यक्रम के बाद यात्रा पवई के लिए रवाना हुई।
इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ में बदमाशों ने घुसकर कई लोगों की जेब से नकदी निकालने के साथ सोने की चेन और मंगलसूत्र पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के बाद अमानगंज थाने में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
एएसपी वंदना चौहान और एसडीओपी गुनौर नवीद दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हेमंत नायक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और रथ यात्रा के रूट की मैपिंग की गई।
मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस टीमें दूसरे राज्यों में भेजी गईं। पुलिस ने सुनीता बावरिया, पुष्पा तोमर, सुनील बबली, नीरज श्रीवास्तव, आरती खटीक, जॉनी बावरिया, पपीता बाई, मोनू सिंह, लीला राम यादव और उर्मिला बावरिया को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से सात सोने की चेन, एक पायल, एक मंगलसूत्र, दो लॉकेट, चांदी की पांच चूड़ियां, एक कड़ा, 29,780 रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा, स्विफ्ट और विक्टोरियस कार भी जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक जेवरों की कीमत करीब 11 लाख और कारों की कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
पूछताछ में सामने आया कि गैंग सोशल मीडिया के जरिए भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों, मेलों और बाजारों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद समूह में पहुंचकर भीड़ में घुल-मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रादुवि में अंकों की हेराफेरी पर 23 साल बाद कार्रवाई, पांच आरोपियों पर कोर्ट में चार्जशीट