
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना/सलेहा। पन्ना जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शाहनगर विकासखंड के मेन्हा संकुल के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला भोपार की महिला प्रधानाध्यापक सत्या सिंह ने कक्षा 8वीं पास करने वाले दो छात्रों के स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) पर लाल स्याही से 'चरित्रहीन' लिख दिया है। उन पर शासकीय रिकॉर्ड में छेड़खानी की बात भी लिखी है। प्रधानाध्यापक के इस कदम से छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। हालांकि डीईओ से शिकायत के बाद छात्रों को संशोधित टीसी जारी कर दी गई है।
इस संबंध में फरवरी में ही ग्रामीणों ने कलेक्टर को पत्र लिखा था कि वहां की छात्रावास आश्रम प्रभारी एवं माध्यमिक शाला प्रभारी शिक्षिका सत्या सिंह ने टीसी में चरित्रहीन लिखने की धमकी दी थी। आखिर उसने जो कहा वह कर दिखाया, लेकिन शिक्षा विभाग ने समय रहते इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं की थी।
प्रधानाध्यापक ने 2025-26 में स्कूल से पास आउट हुए दो छात्रों के आचरण वाले कॉलम में पहले "अच्छा नहीं था" लिखा और फिर सबसे नीचे विशेष नोट वाले कॉलम में लाल पेन से गंभीर आरोप लगाते हुए लिख दिया कि "टीप चरित्रहीन सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़खानी करना।" इस विवादित लाल टिप्पणी के बाद से दोनों पीड़ित छात्र और उनके स्वजन परेशान हैं, क्योंकि ऐसी टीसी के कारण किसी भी अन्य स्कूल में बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दाखिला मिलना नामुमकिन हो गया था।
मामला तूल पकड़ने के बाद से ही प्रधानाध्यापक सत्या सिंह के दोनों मोबाइल नंबर बंद बताए जा रहे हैं। इस बीच जिला शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने स्थिति को संभालते हुए कहा कि यह गंभीर मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल डीपीसी से चर्चा की और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सुधार के बाद नए ट्रांसफर सर्टिफिकेट जारी करवा दिए हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में 27% ओबीसी आरक्षण पर गरमाई सियासत, 20 जुलाई को भोपाल में विधानसभा घेराव की चेतावनी, कांग्रेस ने दिया समर्थन
हालांकि बच्चों को नई टीसी मिल गई है, लेकिन पूर्व में शिकायत के बाद भी लापरवाही बरतने और सरकारी दस्तावेज पर दुर्भावना पूर्वक बच्चों का भविष्य बर्बाद करने की कोशिश करने वाले प्रधानाध्यापक के खिलाफ स्वजन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि 13-14 साल के बच्चों के चरित्र पर सवाल उठाने वाली महिला शिक्षिका कैसे सिद्ध कर पाएंगी कि यह छोटे-छोटे छात्र चरित्रहीन हैं और कौन से दस्तावेजों के साथ छेड़खानी की है।
हां यह मामला मेरे संज्ञान में आया था। मैंने डीओ को इस संबंध में अवगत कराया था। संबंधित पर क्या कार्रवाई हुई, यह जानकारी नहीं है। ऐसी प्रधानाध्यापक पर कार्यवाही होनी चाहिए।- संतोष सिंह यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पन्ना
हां यह मामला मेरे संज्ञान में है। प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई जरूर होगी।- किरण कौशिक, डीपीसी पन्ना