
नईदुनिया न्यूज, पन्ना। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने 28 अक्टूबर को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस सूची में पन्ना जिले का भी नाम शामिल है।
आदेश के अनुसार पन्ना की वर्तमान पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू को 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर में पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर सव्यसाची सराफ को पन्ना जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
नए एसपी सव्यसाची सराफ मूल रूप से मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा के 1998 बैच के अधिकारी हैं, जिन्हें जून 2025 में हुई विभागीय प्रमोशन कमेटी की बैठक में आइपीएस में प्रमोट किया गया था। आईपीएस में प्रमोशन से पहले वे पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी (सेलेक्शन) के महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ थे।
वर्तमान में वे एसपी साइबर क्राइम, इंदौर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। साइबर क्राइम और फील्ड दोनों का लंबा अनुभव होने के कारण उन्हें तेज-तर्रार अधिकारी माना जाता है। पन्ना जिले में निवेदिता नायडू के कार्यकाल में भैंस चोर गिरोह और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाईयां हुई थीं। अब नए एसपी के आने से जिले में कानून व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 309 सफाईकर्मियों को स्थायी नौकरी देने वाले IAS रमेश थेटे का चर्चित रहा कार्यकाल