रायसेन: मां के घर चोरी करने वाली बेटी प्रेमी संग गिरफ्तार; चुराए थे 12 लाख के जेवर, CCTV से खुला राज
दीवानगंज में महिला के अस्पताल जाने के बाद उसकी 23 वर्षीय बेटी सृष्टि डागौर ने प्रेमी कार्तिक मेहर के साथ मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी किए।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 06:32:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 06:32:47 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- मां के घर बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की चोरी
- घर से लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी किए
- सीसीटीवी से पकड़ाए, 24 घंटे में हुआ खुलासा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन/सलामतपुर। पुलिस ने एक बड़ी चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पीड़ित महिला के घर चोरी किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दी थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका (आभूषण) बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
अस्पताल गई थी मां, पीछे से साफ कर दिया हाथ
घटना 16 सितंबर की है। दीवानगंज की रहने वाली फरियादिया कमला बाई डागौर (पति स्व. श्यामसुंदर डागौर) रोज की तरह सुबह करीब 07:45 बजे अपने पुत्र के साथ शासकीय अस्पताल में साफ-सफाई के काम पर गई थीं।
जब वह ड्यूटी खत्म कर वापस घर लौटीं तो घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा। एक फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध महिला की आवाजाही दिखाई दी। जब फुटेज की गहराई से जांच की गई, तो उस महिला की पहचान फरियादिया की ही 23 वर्षीय बेटी सृष्टि डागौर के रूप में हुई।
सूखी सेवनिया में प्रेमी के साथ मिली आरोपी
पहचान उजागर होने के बाद पुलिस ने सृष्टि के ठिकाने का पता लगाया। जानकारी मिली कि वह भोपाल के सुखी सेवनिया इलाके में एक किराये का मकान लेकर रह रही है। पुलिस टीम ने सूखी सेवनिया में दबिश दी, जहां सृष्टि, कार्तिक मेहर के साथ मौजूद मिली।
पुलिस द्वारा की गई सख्त पूछताछ में दोनों टूट गए और उन्होंने चोरी की पूरी साजिश रचने व उसे अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।