
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। जिला अस्पताल में सोमवार को आठ माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने जमकर हंगामा किया। गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई महिला को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया था।
लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने और डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला ने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ का प्रयास किया और मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी झूमाझटकी हुई।

परिजनों का आरोप है कि महिला को बेहद नाजुक हालत में जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन ड्यूटी डॉक्टर समय पर इलाज के लिए नहीं पहुंचीं। उचित और तत्काल उपचार न मिलने के कारण महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। बाद में अस्पताल प्रबंधन ने औपचारिक रूप से उसे भोपाल रेफर करने का निर्णय लिया।
.jpeg)
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रेफर किए जाने के बाद भी तुरंत वाहन की व्यवस्था नहीं की गई। एम्बुलेंस मिलने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। काफी मशक्कत के बाद जब महिला को एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया, तब उसने दम तोड़ दिया। समय पर वाहन और समुचित इलाज मिल जाता तो जान बचाई जा सकती थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बाहरी इलाकों की बदलेगी तस्वीर, 20 हजार करोड़ में बनेगा 51 किमी लंबा ग्रोथ कॉरिडोर
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां आक्रोशित भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी भी हुई।

घटना के बाद अस्पताल में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालात को नियंत्रण में रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।