
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। रायसेन जिले की देवरी तहसील में नर्मदा नदी के पतई घाट पर गत 10 नवंबर को मिला जीवाश्म स्टेगोडॉन हाथी का जबड़ा और दांत हो सकता है। चट्टान से चिपके इस जीवाश्म को अब खोदकर निकाला जाएगा। इसके बाद विस्तृत अध्ययन में इसको लेकर स्थिति साफ होगी, लेकिन फिलहाल मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय और पुणे के जीवाश्म विशेषज्ञ डॉ. विजय साठे ने इसके परीक्षण के बाद अपने प्रारंभिक निष्कर्ष में इसे स्टेगोडॉन हाथी का जबड़ा माना है।
उनके अनुसार, स्टेगोडॉन हाथी की प्रजाति करीब 26 हजार वर्ष पहले तक पाई जाती थी, जो अब दुनिया से विलुप्त हो चुकी है। उसकी ऊंचाई लगभग साढ़े 10 फीट और वजन 6.5 से 7.5 टन होता था। इससे पहले जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई) की टीम भी मौके पर जाकर अवलोकन कर चुकी है। उसने भी इसे स्टेगोडॉन का निचला जबड़ा माना है।
बता दें कि वर्ष 2010 में भी नर्मदापुरम स्थित गवर्नमेंट नर्मदा पीजी कॉलेज (एनएमवी) के बॉटनी विभाग के तत्कालीन एचओडी डॉ. केडब्ल्यू शाह, बॉटनी के प्राध्यापक डॉ. रवि उपाध्याय और पुराविद डॉ. वसीम खान ने यहां डायनासोर के जीवाश्म खोजे थे। डॉ. शाह ने बताया कि यहां करीब डेढ़ किमी का क्षेत्र जीवाश्म की दृष्टि से काफी समृद्ध है और संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने रिपोर्ट तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी दी थी।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से सेवानिवृत्त पुराविद एसबी ओटा कहते हैं कि नर्मदा नदी का यह क्षेत्र जीवाश्म की दृष्टि से काफी समृद्ध है। विस्तार से यह शोध होना चाहिए कि वहां मानव कहां रहता था। इससे पता चलेगा कि हाथी की कौन सी प्रजाति थी, यहां कैसे आया होगा और उस हाथी का आकार व उम्र क्या रही होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर रोक... भोपाल, इंदौर, ग्वालियर व जबलपुर में 70 हजार केस अटके