पतई में मिले प्राचीन हाथी के जबड़े के जीवाश्म को मिट्टी से निकाला; भोपाल में होगी जांच
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के पतई गांव में नर्मदा तट पर मिले प्राचीन हाथी के जबड़े के जीवाश्म को विशेषज्ञों की टीम ने खुदाई कर मिट्टी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 02:38:23 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 02:38:23 PM (IST)
जीवाश्म को भोपाल की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। नईदुनिया।HighLights
- रायसेन जिले के पतई गांव में नर्मदा तट पर मिला प्राचीन हाथी का जबड़ा
- जीवाश्म को विशेषज्ञों की टीम ने खुदाई कर मिट्टी से सुरक्षित बाहर निकाला
- लखनऊ की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अंजलि त्रिवेदी ने देखा जीवाश्म
नईदुनिया प्रतिनिधि,रायसेन। जिले के पतई गांव में नर्मदा तट पर मिले प्राचीन हाथी के जबड़े के जीवाश्म को लेकर वैज्ञानिकों की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अंजलि त्रिवेदी अपनी टीम के साथ पतई पहुंचीं।
विशेषज्ञों की मौजूदगी में जीवाश्म को सावधानीपूर्वक खुदाई कर मिट्टी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुणे से पहुंचे डेक्कन कालेज विद्यापीठ के प्रोफेसर विजय साठे की निगरानी में उसे सुरक्षित तरीके से पैक किया गया।
भोपाल की लैब में होगी जांच
प्रारंभिक प्रक्रिया के बाद जीवाश्म को भोपाल की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। वहां परीक्षण और विश्लेषण के बाद यह तय होगा कि आगे की विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए इसे लखनऊ स्थित बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट भेजा जाए या पुणे में शोध किया जाए। इस जीवाश्म पर डॉ. अंजलि त्रिवेदी की टीम और पुणे से आए जीवाश्म शास्त्र के विशेषज्ञ संयुक्त रूप से अध्ययन करेंगे।
क्वाटरनरी कालखंड का हो सकता है जीवाश्म
डॉ. अंजलि त्रिवेदी ने बताया कि प्रारंभिक अध्ययन के अनुसार यह जीवाश्म क्वाटरनरी कालखंड का प्रतीत होता है। उस दौर में पाए जाने वाले हाथी वर्तमान हाथियों की तुलना में काफी बड़े होते थे। उनकी ऊंचाई करीब 12 फीट तक होती थी और वजन भी कई टन होता था। हालांकि, जीवाश्म की वास्तविक प्रजाति और उसकी अन्य विशेषताओं की पुष्टि विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण इस जीवाश्म को अपने संरक्षण में ले रहा है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि नर्मदा घाटी जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद समृद्ध क्षेत्र है। यहां पहले भी डायनासोर और होमिनिन्स के जीवाश्म मिल चुके हैं।
क्षेत्र में व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन किया जाए तो भविष्य में और भी महत्वपूर्ण जीवाश्म मिलने की संभावना है। इनके अध्ययन से लाखों वर्ष पहले के जलवायु परिवर्तन, वनस्पति, जीव-जंतुओं और पर्यावरण की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
नर्मदा घाटी के इतिहास को जानने का मौका
वहीं, डेक्कन कॉलेज विद्यापीठ पुणे से जुड़े प्रोफेसर विजय साठे ने बताया कि इस कालखंड में इस प्रजाति के हाथी भारत में पाए जाते थे। फिलहाल जबड़े को मिट्टी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अब इसका विस्तृत परीक्षण और रासायनिक विश्लेषण किया जाएगा। इसके बाद ही जीव की प्रजाति, उसकी आयु और अन्य विशेषताओं के संबंध में प्रमाणिक जानकारी सामने आ सकेगी।
उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से लगभग 25 लाख वर्ष पहले से लेकर 12 हजार वर्ष पूर्व तक के जीवों के विकासक्रम और उस समय के पर्यावरण पर शोध कर रहे हैं। पतई में मिला यह जीवाश्म नर्मदा घाटी के प्राचीन प्राकृतिक इतिहास को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।