
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई गांव में नर्मदा नदी किनारे पिछले सप्ताह मिले करीब 6.5 करोड़ साल पुराने दांत और जबड़े की आकृति वाले जीवाश्म के अध्ययन के लिए मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग ने विशेषज्ञों की एक टीम गठित की है।
इसमें एंथ्रोपोलाजिस्ट (मानव विज्ञानी), जंतु विज्ञानी सहित अन्य विषयों के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। टीम जीवाश्म का परीक्षण करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र का भी सर्वे करेगी, ताकि पता लग सके कि यह जबड़ा किस जीव का है और इस क्षेत्र में प्रागैतिहासिक काल से जुड़े अन्य अवशेष भी मौजूद हैं या नहीं।
पुरातत्व विभाग की टीम जीवाश्म के वैज्ञानिक आधार पर उसकी प्रकृति, संरचना और उसकी प्राचीनता का परीक्षण करेगी। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह अवशेष वास्तव में किस जीव से संबंधित है और इसकी उम्र कितनी है। नर्मदा नदी के आसपास के क्षेत्रों में पहले भी जीवाश्म मिलते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल गैस त्रासदी की 42वीं बरसी के पहले हो सकता है स्मारक बनाने का निर्णय, 87 एकड़ जमीन का होगा उपयोग
इससे पहले जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया (जीएसआइ) की टीम भी इसके परीक्षण के लिए गई थी। अब जीएसआइ भी इस पर विस्तृत अध्ययन करेगा। फिलहाल जिस स्थान पर यह दांत मिला है, वहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है, ताकि लोग वहां पहुंचकर खोदाई या छेड़छाड़ न कर सकें।