_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन/दीवानगंज। जल जीवन मिशन के तहत 98.72 करोड़ रुपये लागत की हलाली समूह जलप्रदाय योजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। योजना के माध्यम से रायसेन और भोपाल जिले के 61 गांवों में घर-घर पेयजल पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है।
योजना के अंतर्गत दीवानगंज, छोला सहित कई गांवों की पाइपलाइन को हाईवे से निकली मुख्य लाइन से जोड़कर सफल परीक्षण किया जा चुका है। वर्तमान में 35 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है, जबकि करीब 20 गांवों में अगले एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति प्रारंभ होने की संभावना है।
हालांकि भोपाल जिले के 10 गांवों में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान मुख्य पाइपलाइन लीकेज होने से पानी सप्लाई प्रभावित हुई है। विभाग द्वारा पाइपलाइन सुधार का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
योजना के तहत 22 पानी की टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है। गांवों में घर-घर नल कनेक्शन और पाइपलाइन टेस्टिंग का कार्य भी अंतिम दौर में है। ग्राम दहीडा में 7.75 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया है।
योजना के तहत सांची क्षेत्र के 25 और भोपाल क्षेत्र के 36 गांवों सहित कुल 61 गांवों को लाभ मिलेगा। इससे लगभग 74 हजार 164 लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2037 तक 1.01 लाख और वर्ष 2052 तक 1.42 लाख लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें- हलाली डैम के पास 5 दुर्लभ गिद्ध मुक्त, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया आजाद, GPS से होगी निगरानी
सांची ब्लाक के 25 गांवों अंबाड़ी, बनखेड़ी, बरजोपुर, बेरखेड़ी, छोला, दहिड़ा, दीवानगंज, जामुनिया, कचनारिया, कड़ईया, कायमपुर, केमखेड़ी, खोहा, कुल्हाड़िया, मुक्तापुर, मुरलीखेड़ी, मुस्काबाद, नरखेड़ा, निंनोद, नरोद, पिपल्या, संग्रामपुर, सरार, सेमरा और टिंगरा ,आचारपुरा, अमोनी, अरखेड़ी, अरवलिया, आलमपुर, बरखेड़ी अब्दुल्ला, छाछेड़, डोब, डोबरा, फतेहपुर, गनियारी, गरमुर्रा, गासीपुरा, घाटखेड़ी, इमलिया, ईंटखेड़ी सड़क, इस्लाम नगर, कल्याणपुरा, मुंगालिया कोट, परेवाखेड़ा, परवालिया सेनी, पिपलिया जागीर, प्रेमपुरा, पुरामन भवन , रासलाखेड़ी, रुसाली चूना नगर, समरधा, सेमरा सैयद, सेवनिया ओमकारा, श्यामपुर, सूखी सेवनिया, देवलखेड़ी एवं खामखेड़ा आदि गांवों में घरों में तो पानी मिलेगा ही स्कूल और आंगनबाड़ियों में भी बच्चों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
नरखेड़ा और कुलहड़िया गांव में घर-घर नल कनेक्शन दिया जा रहे हैं। बचा हुआ काम 30 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। पानी की सप्लाई भी शुरू हो जाएगी। योजना में 61 गांवों को लाभ मिलेगा। जिसमें सांची क्षेत्र के 25 और भोपाल क्षेत्र के 36 गांव शामिल होंगे। वहीं 22 टंकियों बनकर तैयार हो गई है कुछ ही दिनों में इनको भरने लगेंगे।- दिलीप बिश्नोई, साइट इंजीनियर