नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ वृद्धि को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अप्रत्यक्ष रूप से तीखा हमला बोला। उन्होंने अमेरिका अथवा ट्रंप का नाम न लेते हुए कहा कि कुछ लोग हैं, जो भारत के विकास की गति से खुश नहीं हैं। उन्हें यह पसंद नहीं आ रहा है कि 'सबके बॉस तो हम हैं', भारत इतनी तेजी से कैसे बढ़ रहा है? इसलिए देश की अर्थव्यवस्था को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसके लिए कई लोग कोशिश कर रहे हैं कि भारत में बनी चीजें, भारतीयों के हाथों से बनी चीजें, उन देशों में बनी चीजों से ज्यादा महंगी हो जाएं, ताकि जब चीजें महंगी हो जाएं, तो दुनिया उन्हें न खरीदे, लेकिन भारत इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि अब दुनिया की कोई भी ताकत भारत को विश्व की एक बड़ी ताकत बनने से नहीं रोक सकती। यह बात राजनाथ ने मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में रेल हब फार मैन्युफैक्चरिंग इकाई (ब्रह्मा परियोजना) की आधारशिला रखते हुए कही।
रक्षामंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में अब हम 24 हजार करोड़ से अधिक मूल्य की वस्तुओं का निर्यात कर रहे हैं। यह भारत की ताकत है, यह नए भारत का नया रक्षा क्षेत्र है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख रूप से मौजूद थे।
पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हम धर्म देखकर नहीं, कर्म देखकर मारेंगे। उन्हेंने कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने हमारे निर्दोष लोगों की हत्या की थी। वे मानते थे कि हम शांत होकर बैठ जाएंगे। हमने संकल्प किया कि मुंहतोड़ जवाब देंगे। हमने ठाना था कि हम धर्म देखकर नहीं, कर्म देखकर मारेंगे।
उन्होंने कहा कि आपरेशन सिंदूर में हमने दुनिया को यह संदेश दिया कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ते भी नहीं हैं। आज हम भारत में ऐसे हथियार भी बना रहे हैं, जो हम कभी दूसरे देशों से खरीदा करते थे। अगर हम हथियार बेचने की बात करें तो आज भारत का रक्षा निर्यात लगभग 24,000 करोड़ रुपये सालाना हो गया है, जो अपने आप में एक रिकार्ड है।
संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को पहले भूतपूर्व मुख्यमंत्री कहा, फिर बोले- नहीं आप तो अभूतपूर्व मुख्यमंत्री हो। उन्होंने यह भी कहा कि जो गति यहां विकास की शिवराज सिंह ने दी थी उसे आगे ले जाने का काम मोहन यादव कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में रक्षा क्षेत्र का केंद्र बनने के लिए हर गुण है, सभी संसाधन हैं।
ये भी पढ़ें- Bhopal में मछली गैंग पर कसता पुलिस का शिकंजा, अब तक 15 गिरफ्तार, करीब 50 से हो चुकी है पूछताछ
उन्होंने कहा रायसेन में रेल कोच का निर्माण तो होगा ही, रेलवे के अलग-अलग प्रोडक्ट्स भी बनाए जाएंगे। देशभर की स्पीड ट्रेनों में एमपी में बनने वाले रेलवे कोच लगेंगे। मध्य प्रदेश प्राकृतिक सुंदरता के लिए देशभर में जाना जाता है, अब औद्योगिक विकास के लिए भी जाना जाएगा।