चलती कार से स्टंट करने का वीडियो हुआ वायरल, राजगढ़ पुलिस ने पकड़ा; कार जब्त की
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर कार के ऊपर खड़े होकर स्टंट करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल कार जब्त कर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 12:31:40 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 12:31:40 PM (IST)
पुलिस ने राजगढ़ में थाना कोतवाली के अंतर्गत ग्राम रामपुरिया निवासी आरोपी को पकड़ा। नईदुनिया।HighLights
- राजगढ़ में NH-52 पर कार के ऊपर खड़े होकर किया स्टंट
- वायरल वीडियो के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पकड़ा
- स्टंट में इस्तेमाल कार जब्त, आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। हाईवे पर कार के जरिए खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा साबित हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही स्टंट में प्रयोग की गई कार को भी जब्त कर लिया है।
थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस के मुताबिक इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-52 पर अपनी कार के ऊपर खड़े होकर कार को चालू हालत में खतरनाक तरीके से चलने के लिए छोड़ता हुआ दिखाई दे रहा था।
वीडियो के आधार पर की पहचान
युवक का यह कृत्य न केवल स्वयं के जीवन के लिए खतरा था, बल्कि हाईवे से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों एवं आमजन के जान-माल के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न कर रहा था। उक्त वीडियो पर थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस द्वारा स्वयं संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई तथा वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
राजगढ़ में थाना कोतवाली के अंतर्गत ग्राम रामपुरिया निवासी आरोपित मुकेश पिता करणसिंह तंवर, उम्र 25 साल के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपित द्वारा बताया गया कि उसने उक्त वीडियो 31 अक्टूबर 2026 की रात्रि में बनाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा स्टंट में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जब्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजी ने की थी सोशल प्लेटफॉर्म पर शिकायत
छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजी आरके विज ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर को टैग किया और कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने लिखा कि यातायात नियम ऐसी नौटंकी की इजाजत नहीं देते, भोपाल पुलिस कमिश्नर कुछ करिये।
करीब 15 सेकंड का यह वीडियो एक पत्रकार ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था। इसमें एक युवक कार की ड्राइवर सीट छोड़कर चलती कार की छत पर खडा़ हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद पूर्व डीजी ने इसे साझा किया। भोपाल पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की तो कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भोपाल का निकला।