
नवदुनिया न्यूज, सारंगपुर। सारंगपुर क्षेत्र में बिजली कटौती और बिलों को लेकर नाराज ग्रामीण रविवार रात पाडल्यामाता बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच गए। यहां ग्रामीणों और कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। घटना में कनिष्ठ यंत्री नरेंद्र कुमार गायरी और ग्रामीण विनोद को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पाडल्यामाता बिजली कंपनी कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री नरेंद्र कुमार गायरी (36), पिता मन्नाालाल गायरी, रविवार रात कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास के खजुरिया घाटा गांव के कुछ ग्रामीण बिजली कटौती की शिकायत लेकर पहुंचे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढने पर ग्रामीणों में शामिल 3 लोगों ने नरेंद्र कुमार गायरी के साथ मारपीट की। उनके चेहरे पर चोट आई। वहीं ग्रामीण विनोद (25), पिता चंदर सिंह, को भी शरीर पर चोटें आई हैं।
कनिष्ठ यंत्री नरेंद्र कुमार गायरी ने बताया कि ग्रामीणों की भीड कार्यालय पहुंची थी। उनके मुताबिक, 3 लोगों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। वहीं ग्रामीण श्याम पाल ने आरोप लगाया कि गांव में लगातार बिजली कटौती हो रही है। लोगों को मनमाने बिजली बिल दिए जा रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर ग्रामीण कंपनी के अधिकारी से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन अधिकारी ने उनके साथी के साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आबकारी विभाग का छापा, महिला के घर से 25 पेटी देसी शराब जब्त, ढाबों पर भी गिरी गाज
थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार बेलवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मेडिकल जांच कराई गई है। दोनों के आवेदन मिले हैं। मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।