
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रावटी के शासकीय बालिका छात्रावास की छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह प्रार्थना के दौरान तीन छात्राओं को चक्कर आने लगे और वे बेसुध होने लगीं। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी इसी स्कूल की 9 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी थी।
बीमार होने वाली सभी छात्राएं रावटी स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में रहती हैं। शुक्रवार सुबह 10.30 बजे स्कूल शुरू होने के बाद प्रार्थना के दौरान कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं की तीन छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
गुरुवार को भी 9 छात्राओं को चक्कर आने और घबराहट की शिकायत हुई थी। इनमें से चार को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने बुधवार रात छात्रावास में गोभी-आलू और टमाटर की सब्जी खाई थी। स्कूल प्राचार्य अमरसिंह भाभर और अन्य स्टाफ ने छात्राओं को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर बाजना और रावटी तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने छात्राओं और उनके सहपाठियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में फूड पाइजनिंग जैसी कोई समस्या सामने नहीं आई है। हालांकि, छात्रावास में खान-पान की सामग्री की जांच की गई है और सैंपल भी लिए गए हैं। बच्चों से लगातार चर्चा कर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- बैतूल में स्कूल से घर पहुंचते ही 4 बच्चों को होने लगीं उल्टियां; रतनजोत के बीज खाने से बिगड़ी तबीयत, इलाज जारी
उपचार कर रहे चिकित्सक के अनुसार, सभी छात्राओं की तबीयत फिलहाल ठीक है। कुछ छात्राओं में घबराहट की शिकायत थी, जिनका उपचार किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भंवर लाल देवड़ा, बीआरसी उपेंद्र सिंह राठौर, जन शिक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर कस्बा पटवारी रंजिता गोदा शिक्षक संतोष राठौड़, ब्रह्मपाल दोहरे भी अस्पताल पहुंचे।
बीमार हुई छात्राओं में 12 वर्षीय अंशिका पुत्री शांतिलाल कतीजा, मुस्कान पुत्री दिनेश कटारा, प्रियंका पुत्री कांतू भूरिया, अनुराधा पुत्री कालु डामर, लक्ष्मी पुत्री बाबू पारगी, आयुषी पुत्री तोलाराम डोडियार, 15 वर्षीय दिव्या पुत्री रामसिंह चौहान, 8 वर्षीय सत्यबाला पुत्री शैतान मालीवाड़, 10 वर्षीय बुलबुल पुत्री कृष्णा गरवाल, 13 वर्षीय राधा पुत्री रूपा गोदा, सूर्या पुत्री सोदन डोडियार, 14 वर्षीय सोनू पुत्री देवीलाल भूरिया शामिल हैं। इसमें राधा, सूर्या व सोनू शुक्रवार को जबकि शेष गुरुवार को बीमार हुई थी।