
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर पलसोड़ी गांव में घर के आंगन में खेल रही तीन साल की मनीषा पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। गंभीर चोटों के चलते मनीषा की मौत हो गई। घटना के वक्त उसके दादा-दादी खेत पर थे, जबकि माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर गए हुए हैं।
घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे पलसोड़ी में तीन वर्षीय मनीषा पुत्री राजू भाभर पर घर के आंगन में खेलते समय आवारा कुत्ते ने हमला कर उसके सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। उसने आंगन में बंधी गाय पर भी हमला किया।
बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचीं। बच्ची की बड़ी मां मुन्ना बाई, पड़ोसी राजू भाभर शाम करीब 5.45 बजे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद मनीषा को मृत घोषित कर दिया। शाम करीब 7 बजे बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पड़ोसी राजू भाभर ने बताया कि मनीषा अपने दादा शंभु भाभर और दादी सागू बाई के रह रही थी। उसके माता-पिता करीब एक महीने पहले मजदूरी करने के लिए अजमेर गए थे। वे शुक्रवार सुबह तक गांव आएंगे। गांव में कुत्तों का झूंड घुमता रहता है।
कुत्ते ने बच्ची के पेट व सिर पर गहरे घाव कर दिए थे। आंतरिक रूप से गंभीर चोट आने के चलते मौत होने की बात कही जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट कारण पता चल सकेंगे।
इंदौर के बाद सर्वाधिक डाग बाइट के मामले रतलाम शहर में आते हैं। नगर निगम द्वारा कुत्तों की नसबंदी के लिए ठेका दिया गया था, लेकिन उसमें भी अनियमितता हुई और अभियान सफल नहीं हो पाया। अब गांवों में भी हमले सामने आने लगे हैं।
यह भी पढ़ें- आवारा कुत्तों के आतंक पर हाई कोर्ट सख्त, मध्य प्रदेश सरकार के उठाए कदमों की होगी समीक्षा