
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह शिवगढ़ थाना क्षेत्र में वालारुंडी के पास एक कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार 60 वर्षीय साबिर पुत्र हसन अली की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। कार (क्रमांक एमएच 34 एटी 8414) में मुंबई के मीरा रोड निवासी परिवार सवार था। परिवार मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है। साबिर पत्नी 45 वर्षीय नसीम, बड़े बेटे 30 वर्षीय सैफ और छोटे बेटे 25 वर्षीय जैद के साथ सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई से कानपुर के लिए रवाना हुए थे।
यह भी पढ़ें- देवास में बाइक सवार को बचाने में पलटा पाम ऑयल से भरा टैंकर, डिब्बे लेकर भरने पहुंचे लोग
वालारुंडी के पास पहुंचने पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वह सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर से टकराते हुए ब्रिज से नीचे जा गिरी। कार बड़े बेटे सैफ चला रहे थे और पिता साबिर उनके पास बैठे थे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छोटे बेटे जैद ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।
सुबह गश्त कर रही एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने साबिर को मृत घोषित कर दिया। शिवगढ़ थाने के सब इंस्पेक्टर आईएम खान ने आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई होगी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।