
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और छह साल की बहन घायल हो गए।
हादसा जावरा के बड़ायला चौराहे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार गुजरात के बड़ौदा निवासी 42 वर्षीय राजाबाबू वर्मा अपनी पत्नी रिशु वर्मा, छह वर्षीय बेटी विधि वर्मा और 13 वर्षीय बेटे सागर वर्मा के साथ कार से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के ग्राम लहना जा रहे थे। बुधवार सुबह बड़ायला चौराहे के पास अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के एलआईसी तिराहे के पास रेस्टोरेंट में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, पुलिस कर रही जांच
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जावरा अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे में सागर वर्मा की मौत हो गई। परिवार के अन्य तीनों सदस्य घायल हुए हैं।