
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : नकली सोने के आभूषण असली बताकर इंदौर के व्यापारी निपानिया निवासी जीतेश जायसवाल से 40 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस द्वारा 16 अक्टूबर को गिरफ्तार अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों में शामिल मानसिंह ने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया है। इस मामले में जीतेश ने इंदौर के लसूड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2023 को बैंक जाते समय जीतेश की एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। उसने सोने के आभूषण बेचने की बात कही। शुरुआत में जीतेश को विश्वास नहीं हुआ तो उस व्यक्ति ने फोन पर अपनी मां और मामा से भी बात करवाई। उन्होंने इलाज और बेटी की शादी के लिए आभूषण बेचने की बात कही। इसके बाद उस व्यक्ति ने जीतेश को सोने का एक लॉकेट दिया। जांच कराने पर लॉकेट असली निकला, जिससे व्यापारी का विश्वास बढ़ गया।
इसके बाद आरोपित ने जीतेश को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर बुलाया। जीतेश अपने भाई के साथ कार से पहुंचे और आरोपितों को लेकर कार्यालय गए। वहां आरोपितों ने करीब चार किलोग्राम सोने के आभूषण होने और उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई। सौदे के दौरान तत्काल उपलब्ध राशि देने की बात हुई। इस पर जीतेश घर से 40 लाख रुपये लेकर कार्यालय पहुंचे।
इसके बाद जीतेश आरोपितों के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे तक गए। वहां आरोपित रुपये से भरा बैग लेकर जीतेश को आभूषणों की थैली थमाकर चले गए। घर पहुंचने के बाद आभूषणों की जांच की तो असली सोने के आभूषणों की जगह नकली लॉकेट मिले। इस तरह आरोपित असली लॉकेट दिखाकर विश्वास जीतने के बाद 40 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। माणकचौक पुलिस गिरोह के सदस्यों से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
माणकचौक थाना पुलिस ने 16 अक्टूबर को नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपित स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के महावीर नगर में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण व मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम वजन के चांदी के नौ सिक्के, 30 हजार रुपये और इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड सागर है। गिरोह के सदस्य परिवार बनकर लोगों को गड़ा धन मिलने का झांसा देते और नकली आभूषणों को असली बताकर ठगी करने की कोशिश करते थे। मानसिंह ने पूछताछ में इंदौर के व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी की वारदात में अपने दो साथियों के साथ शामिल होना स्वीकार किया है।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 2.75 लाख की ठगी, आरोपी ने फर्जी चेक देकर थाने में रची झूठी साजिश