रतलाम में रपट पार करते समय चंबल नदी में गिरी बाइक, युवक की मौत, दूसरा तैरकर निकला बाहर
ताल-असावती मार्ग पर चंबल नदी की रपट पार करते समय बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक का संतुलन बिगड़ने से दो युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे। हादसे में ग्र...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 07:10:12 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 07:10:12 PM (IST)
मांगीलाल को अस्पताल ले जाते हुए ग्रामीण व पुलिस। मृतक मांगीलाल। (नईदुनिया)HighLights
- तैरना नहीं आने से गहराई में चला गया, तैरने से दूसरे की जान बची
- बाइक का संतुलन बिगड़ने से दो युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे
- एसडीईआरएफ ने मांगीलाल को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी
नईदुनिया न्यूज, बड़ावदा (रतलाम) : ताल-असावती मार्ग पर चंबल नदी की रपट पार करते समय बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक का संतुलन बिगड़ने से दो युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे। हादसे में ग्राम लूनी निवासी 25 वर्षीय मांगीलाल पुत्र गोपीनाथ की मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर उसका मामा का बेटा मंडावल निवासी 40 वर्षीय बिट्टूनाथ पुत्र रतननाथ था।
बिट्टूनाथ को थोड़ा तैरना आता था, इसलिए वह ग्रामीणों की मदद से नदी से बाहर निकल गया, जबकि मांगीलाल को तैरना नहीं आता था और वह नदी की गहराई में चला गया। करीब 30 मिनट की तलाश के बाद पुलिस व एसडीईआरएफ की टीम ने मांगीलाल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बाइक से मंदसौर के सीतामऊ की ओर जा रहे थे
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि मांगीलाल और उसका मामा का बेटा बिट्टूनाथ बाइक से मंदसौर के सीतामऊ की ओर जा रहे थे। चंबल नदी की रपट पार करते वक्त बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक समेत नदी में गिर गए। दोनों को नदी में गिरते देख नदी के पास मां काली के मंदिर पर बैठे ग्रामीण तत्काल बचाव के लिए पहुंचे। एक-दो ग्रामीणों को तैरना आता था। उनकी मदद से बिट्टूनाथ को बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने तलाश की, लेकिन मांगीलाल नहीं मिला
मांगीलाल गहराई में चला गया था। ग्रामीणों ने तलाश की, लेकिन मांगीलाल नहीं मिला। निजी वाहन से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मांगीलाल को मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। बाइक को भी रस्सी की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों के अनुसार चंबल नदी पर इस स्थान पर बड़ी पुलिया नहीं है, बल्कि रपट बनी हुई है। बरसात के दौरान नदी का पानी रपट के ऊपर से बहता है। इस रपट पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। ताल से असावती को जोड़ने वाला यह एकमात्र मार्ग है और आगे मंदसौर जिले से भी जुड़ता है। दूसरा रास्ता नहीं होने के कारण लोग पानी के दौरान भी जान जोखिम में डालकर रपट पार करते हैं। ग्रामीणों ने यहां बड़ी पुलिया बनाने की मांग की है।