
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के सालाखेड़ी में दोस्त के बुलाने पर पहुंचे युवक को पत्थर के गोदाम के पीछे बने कमरे में ले जाकर बाहर से दरवाजा बंद करने और मारपीट कर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। दोस्त और उसके दो साथियों ने उसे धमकाया तथा उसके भाई को फोन कर रुपये लेकर आने के लिए कहा। पुलिस के आने की सूचना मिलने पर तीनों मौके से भाग गए।
ग्राम सुराना निवासी प्रदीप जाट ने पुलिस को बताया कि रतलाम में फाइनेंस का काम करने वाले अपने चचेरे भाई सूरज से मिलने आया था। इसी दौरान बचपन के दोस्त सुराना निवासी इरशाद पुत्र जाकिर अली का फोन आया और उसने सालाखेड़ी बुलाया।
मंगलवार शाम करीब चार बजे वहां पहुंचने पर इरशाद उसे अपनी बाइक पर बैठाकर झाबुआ रोड स्थित राजस्थान इंटरप्राइजेस के पत्थर के गोदाम के पीछे बने कमरे में ले गया। वहां उसे अंदर बैठाकर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
कुछ देर बाद दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ थप्पड़ों से मारपीट की। उसने इरशाद से मदद मांगी तो उसने कहा कि अब वह फंस चुका है और उस पर झूठा आरोप लगाकर फंसाने की धमकी दी। इसके बाद इरशाद और उसके दोनों साथियों ने उससे रुपये की मांग शुरू कर दी।
इरशाद ने प्रदीप के मोबाइल से उसके भाई सूरज को फोन किया और रुपये लेकर आने के लिए कहा। प्रदीप ने भाई को फोन कर जल्द से जल्द रुपये की व्यवस्था कर सालाखेड़ी से झाबुआ रोड की ओर आने को कहा। कुछ देर बाद तीनों युवक कमरे से बाहर गए और फिर दौड़कर वापस आए और कमरे का दरवाजा खोलकर कहा कि पुलिस आने वाली है, जल्दी भाग जा।
दोबारा मौका मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी दी और वहां से भाग गए। बाद में युवक वहां से निकलकर राजीव नगर पहुंचा, जहां उसका भाई सूरज, पुष्कर, सुदीप और दोस्त विनोद उसे तलाशते मिले। चौकी प्रभारी विजयसिंह बामनिया ने बताया कि इरशाद को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय मेें पेश किया गया। इरशाद का एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। दो साथियों की तलाश में टीम जुटी हुई है।