
रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्टेशन रोड पुलिस ने अनुसूचित जाति वर्ग की युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में उज्जैन जिले के बड़नगर थाने के आरक्षक आरोपित 33 वर्षीय महेंद्रसिंह शक्तावत को गिरफ्तार कर लिया। उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि एक युवती ने 27 मई 2021 को स्टेशन रोड थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी वर्ष 2016 में आरोपित पुलिसकर्मी (आरक्षक) महेंद्रसिंह सक्तावत से मुलाकात हुई थी। तब से वे एक-दूसरे के संपर्क में रहे तथा शादी करना भी तय किया था। शारीरिक संबंध भी स्थापित हो गए। कुछ समय से शादी की बात करने पर महेंद्रसिंह टालमटोल करने लगा। बाद में उसे पता चला कि महेंद्र ने पिछले वर्ष लाकडाउन में किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। इसके बाद थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार आरोपित महेंद्र के खिलाफ भादंवि की धारा 376 (2) (एन) व अजाजजा अधिनियम की धारा 3 (1) डब्ल्यू (आइआइ) व 3 (2) वीए के तहत प्रकरण दर्ज किया था। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
युवक की संदिग्ध मौत
रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की समता परिसर कालोनी निवासी 42 वर्षीय राहुल पुत्र चंद्रकांत गंधे की संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर वह घर में सोया हुआ था। दोपहर करीब पौने दो बजे पिता ने उसे जगाने का प्रयास किया लेकिन उसके शरीर से कोई हलचल नहीं हुई। उन्होंने अन्य लोगों को जानकारी दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। उसकी मौत का कारण पता नहीं चला है।
जर्जर सड़क को लेकर रहवासियों ने जताया विरोध
रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के वार्ड नंबर 36 पुरोहितजी का वास शनि मंदिर वाली जर्जर सड़क को लेकर क्षेत्रीय रहवासियों ने रविवार को ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विजयसिंह चौहान को साथ लेकर आक्रोश व्यक्त किया। रहवासियों ने कलेक्टर से शीघ्र सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण की मांग की है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विजयसिंह चौहान ने बताया कि पुरोहित जी के वास की सड़क शनि मंदिर एवं चिंगीपुरा मस्जिद जाने का प्रमुख मार्ग है। पूर्व में निगम प्रशासन ने इंजीनियर को भेज कर एस्टीमेट बनाकर संपूर्ण करवाई कर ली थी। उसके बाद निगम प्रशासन की उदासीनता के कारण निर्माण नहीं हुआ। यदि प्रशासन क्षेत्रवासियों की मांग को नहीं मानता है तो संपूर्ण रतलाम शहर के शनि मंदिर भक्त मंडल के माध्यम से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के जहीर खान, एडवोकेट कैलाश शर्मा, शनि मंदिर पुजारी सुरेश, कमलेश, राजा, फारुख, शाहिद आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।