
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। मंदसौर जिले के दलौदा में शुक्रवार रात कुएं में गिरने से रतलाम जिले के पिपलौदा थाने में पदस्थ आरक्षक की मौत हो गई। मृतक दलौदा के सगरा गांव निवासी 40 वर्षीय कमलसिंह चौहान हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम को घर पर मां और पत्नी से विवाद के बाद वे बाहर निकल गए थे।
बताया जा रहा है कि उन्होंने एक पड़ोसी से मां को यह संदेश देने के लिए कहा था कि वे कुएं में गिर रहे हैं। जिस कुएं में उनका शव मिला, वह भी उन्हीं का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिपलौदा थाना प्रभारी रणजीत सिंगार के अनुसार, कमलसिंह शुक्रवार सुबह शासकीय कार्य से मंदसौर गए थे। वे मूल रूप से दलौदा के सगरा गांव के रहने वाले थे। शाम को घर पर ही रुके थे। रात करीब 7 से 8 बजे के बीच उनके कुएं में गिरने की सूचना मिली।
शुरुआत में जानकारी सामने आई थी कि वे शराब के नशे में बाइक सहित कुएं में गिर गए, लेकिन उनकी बाइक और चप्पल कुएं के बाहर मिली हैं। सूचना पर दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। रात में रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने कुएं से उनका शव बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- 'मां उठो...' मासूम जगाता रहा, पर नहीं उठी; ग्वालियर में पुलिसकर्मी पर पत्नी की हत्या का आरोप
कमलसिंह के परिवार में मां और पत्नी हैं। उनकी कोई संतान नहीं थी। एक भतीजी को गोद रखने की जानकारी भी सामने आई है। उनके पिता नारायणसिंह चौहान का निधन हो चुका है। शनिवार सुबह मंदसौर में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा।
पिपलौदा थाना प्रभारी रणजीत सिंगार ने बताया कि मामले की जांच के लिए थाने से भी आरक्षकों को भेजा गया है। दलौदा पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।