
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में मंगलवार को कक्षा 12वीं की छात्रा वर्षा सोलंकी की हॉस्टल में फंदा लगाने से हुई मौत के बाद बुधवार को स्कूल परिसर में सन्नाटा और विद्यार्थियों में भय का माहौल रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद मृतका के हॉस्टल में रहने वाली करीब 150 छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ घर चली गईं। स्कूल में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल संचालित हैं, जिनमें करीब 400 विद्यार्थी रहते हैं।
मंगलवार को अर्थशास्त्र की परीक्षा के दौरान वर्षा के पास नकल की पर्ची मिलने के बाद उसकी कॉपी ले ली गई थी और परीक्षा कक्ष से बाहर जाने के लिए कहा गया था। इसके बाद वह हॉस्टल चली गई। कुछ देर बाद परीक्षा देकर लौटी छात्राओं ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा था।
घटना के बाद आक्रोशित विद्यार्थियों और स्वजन ने हॉस्टल के बाहर प्रदर्शन कर प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल, वार्डन रेखा पारगी और शिक्षिका प्रीति लांबा को हटाने के साथ मुआवजे की मांग की थी। इसके बाद प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल को जनजातीय कार्य विभाग रतलाम अटैच किया गया था।
बुधवार को वर्षा का रतलाम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर देवास रवाना हुए, जहां दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। वर्षा के ताऊजी लखन सोलंकी ने बताया कि वह परिवार की इकलौती बेटी थी और शुरू से पढ़ाई में अच्छी थी। परिवार को अब तक समझ नहीं आ रहा कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
नकल की पर्ची मिलने की जानकारी परिवार को पहले नहीं दी गई। यदि छात्रा किसी तनाव में थी तो स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी परिवार को देना चाहिए थी। परिवार दो दिन बाद फिर सैलाना आएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहता है।
जनजातीय कार्य विभाग सहायक आयुक्त प्रियंका राय ने बताया कि प्राचार्य, वार्डन और शिक्षिका के संबंध में कार्रवाई केंद्र स्तर से तय होगी। विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी भेज दी है। प्रक्रिया पहले भोपाल और फिर दिल्ली स्तर तक जाएगी। अभी कोई नई कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग यहां मॉनिटरिंग करता है, कंट्रोलिंग उसके पास नहीं है। घटना की जांच के लिए प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए बड़ी खबर... 6 बार होगी TET की परीक्षा, हर साल 2 बार ऑफलाइन होगा एग्जाम