
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। आलोट तहसील में पदस्थ एक महिला पटवारी सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। स्वजनों की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला पटवारी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। फिलहाल उनके लापता होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
महिला पटवारी मूल रूप से बड़वानी जिले की निवासी हैं और वर्तमान में आलोट तहसील में पदस्थ हैं। सोमवार शाम उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक बैठक में भाग लिया था। बैठक समाप्त होने के बाद वे अपने आलोट स्थित निवास पहुंचीं, लेकिन देर रात अचानक लापता हो गईं।
उनके साथ रहने वाली दूसरी महिला पटवारी ने संपर्क नहीं होने पर इसकी जानकारी स्वजनों को दी। सूचना मिलते ही स्वजन इंदौर से आलोट पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। महिला पटवारी का मोबाइल भी बंद आ रहा है, जिससे उनकी लोकेशन का पता नहीं चल सका है। महिला पटवारी के एक पुराने पुरुष मित्र पर संदेह जताया जा रहा है, जो धार जिले का निवासी बताया गया है।
यह भी जानकारी सामने आई है कि वह सोमवार रात आलोट आया था। कुछ लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि वह महिला पटवारी को अपने साथ ले गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि स्वजनों ने महिला पटवारी के लापता होने की सूचना दी है और कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों की तलाश के साथ महिला पटवारी का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।