
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम: आनंद कॉलोनी स्थित डॉ. कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) में कपल गरबा के आरोप को लेकर विवाद बुधवार को फिर बढ़ गया। दोपहर 2 बजे हिंदू संगठनों के पदाधिकारी प्राचार्य के घेराव और प्रदर्शन के लिए कॉलेज पहुंचे तो छात्र भी सामने आ गए।
दोनों पक्षों के बीच बहस और नारेबाजी होने लगी। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के प्रांत सदस्य राजेश कटारिया की टिप्पणी को लेकर भी विवाद हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। गरबा रूकवाने के मामले में स्टेशन रोड थाने पर हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं के खिलाफ स्टेशन रोड थाने पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
बुधवार को कालेज के घेराव के दौरान राजेश कटारिया ने छात्रों से कहा कि ज्यादा नचवाने का शौक है तो अपनी बहन-बेटियों को लेकर आओ। बाद में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य धार्मिक आयोजन में कपल गरबा को लेकर सवाल उठाना था। कटारिया ने पुलिस के सामने यह भी कहा कि छात्रों ने ज्ञापन देने के बाद ग्रुप में संदेश किया था कि दम हो तो कल आकर कार्यक्रम रोक कर दिखाएं।
दरअसल कालेज में गणेश प्रतिमा स्थापित कर 10 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। सोमवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारी कालेज पहुंचे थे और वहां कपल गरबा होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इसके बाद मंगलवार को कालेज के छात्रों ने स्टाफ के साथ कलेक्टर और एसपी के नाम ज्ञापन देकर हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मंगलवार देर रात स्टेशन रोड थाना पुलिस ने छात्रों के आवेदन पर हिंदू संगठन के ऋषभ सुराना, सुनील राठौड़, गनी शक्तावत व अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद संगठनों का आक्रोश बढ़ गया और बुधवार को कालेज घेराव किया गया। स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि अभी आवेदन की जांच की जा रही है।
बुधवार को हिंदू जागरण मंच रतलाम के बैनर तले प्राचार्य के घेराव का आह्वान किया गया था। इसके बाद राजेश कटारिया, सिद्धार्थ पंड्या और संस्कृति बचाओ अभियान के अभिषेक उपाध्याय सहित अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कालेज पहुंचे।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कालेज ट्रस्ट के सचिव डा. संजय वाते, प्राचार्य डा. अनुराधा तिवारी और स्टाफ भी बाहर मौजूद रहा। छात्रों के सामने आने पर पुलिस ने उन्हें कालेज के अंदर किया। इसके बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कालेज के छात्र आमने-सामने हो गए। एक ओर कालेज प्रशासन मुर्दाबाद तो दूसरी ओर छात्र जिंदाबाद के नारे लगाए गए। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने कालेज का गेट बंद करवा दिया।
संस्कृति बचाओ अभियान के अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि सकल हिंदू समाज की ओर से प्रदर्शन किया गया था। कालेज में गणेशोत्सव के दौरान कपल गरबा हो रहा था और संगठन ने पहले ही कालेज तथा प्रशासन को इसकी जानकारी दी थी। दो दिन पहले संगठन के कार्यकर्ता कालेज आए थे और शांतिपूर्वक चर्चा कर लौट गए थे। हिंदू जागरण मंच रतलाम के संगठन मंत्री नीरज दुबे ने कहा कि घेराव सकल हिंदू समाज की ओर से किया गया था। वहीं प्राचार्य डॉ. अनुराधा तिवारी ने कपल गरबा होने के आरोप को खारिज किया।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के लॉ कॉलेजों पर मंडरा रहा खतरा, उच्च शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट, जानें पूरा मामला