
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। केंद्र और राज्य शासन की स्मार्ट मीटर परियोजना के तहत पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर ने सितंबर के बिजली बिलों में मालवा-निमाड़ के 15 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 18.26 करोड़ रुपये की टाइम ऑफ द डे (ToD) छूट दी है।
स्मार्ट मीटरों से सुबह नौ से शाम पांच बजे तक सौर ऊर्जा अवधि में हुई बिजली खपत की अलग गणना की जाती है। इस अवधि में मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा मंजूर ऊर्जा प्रभार पर 20 प्रतिशत छूट दी जा रही है।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि सबसे अधिक इंदौर शहर के 6.63 लाख उपभोक्ताओं को 8.50 करोड़ रुपये की छूट मिली है। उज्जैन जिले के 1.35 लाख उपभोक्ताओं को 1.62 करोड़, रतलाम जिले के 1.18 लाख उपभोक्ताओं को 1.11 करोड़, देवास के 79 हजार उपभोक्ताओं को 78 लाख, खंडवा के 66 हजार उपभोक्ताओं को 57 लाख, बुरहानपुर के 64 हजार उपभोक्ताओं को 70 लाख और बड़वानी के 57 हजार उपभोक्ताओं को 47 लाख रुपये की रियायत दी गई है। कंपनी क्षेत्र के अन्य जिलों में भी पात्र स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नियमानुसार छूट मिली है।
यह भी पढ़ें- शहडोल में पेड़ पर लकड़ियां तोड़ने चढ़े पति से बोली पत्नी- 'अब नीचे उतर आओ', फिसलकर नीचे गिरा और हो गई मौत
टीओडी छूट का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा की उपलब्धता के दौरान अधिक बिजली उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे कोयले और पानी से बिजली उत्पादन की जरूरत अपेक्षाकृत कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, स्मार्ट मीटर समय के आधार पर खपत का सटीक आकलन कर उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ पहुंचा रहे हैं।