
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शिवगढ़ में कंपोजिट शराब दुकान पर हफ्ता मांगने पहुंचे लोगों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। आरोपितों ने दुकान में घुसकर हफ्ता मांगा। मना करने पर सेल्समैन सुशील तिवारी को लात-घूंसों से जमकर पीटा। हमले में सुशील के सिर में 13 टांके आए हैं, जबकि हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मारपीट के बाद बदमाश दुकान से नकदी भी ले गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। सुशील तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात वह दुकान में बैठकर नकदी गिन रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग दुकान में घुसे और हफ्ता देने की मांग करने लगे। सुशील ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- खरगोन में सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर लाठी-हथियारों से हमला, RI का पैर तोड़ा, पटवारी का सिर फोड़ा; 20 पर केस
हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने शराब दुकान में घुसकर मारपीट की है। मामले में तीन आरोपितों की पहचान हुई है, जबकि तीन अन्य अज्ञात हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।