
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शहर में एमसीएक्स और क्रिकेट सट्टे व अन्य लेनदेन की वसूली को लेकर संगठित नेटवर्क अब खुलेआम बाजारों तक पहुंचने लगा है। 13 मार्च को चांदनी चौक स्थित सराफा बाजार में बाहरी बदमाशों के पहुंचने और वसूली की घटना के बाद मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शुरुआत में व्यापारी ने पुलिस को शिकायत से इनकार कर दिया था, लेकिन अब व्यापारी विमल मांडोत ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में इंदौर निवासी चयन सोनी और उसके साथियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि शिकायत में लेन-देन के कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना 13 मार्च की बताई जा रही है, जब राजस्थान के प्रतापगढ़ से गाड़ियों में भरकर आए लोग चांदनी चौक स्थित सराफा बाजार पहुंचे। उनके साथ कुछ स्थानीय बदमाश भी थे। अचानक बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के पहुंचने से पूरे सराफा क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुरुआत में व्यापारियों को लगा कि आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है, लेकिन बाद में मामला लेनदेन से जुड़ी वसूली का होने की चर्चा सामने आई।
सूत्रों के अनुसार लेन-देन करीब एक करोड़ रुपये तक बताई जा रही है, हालांकि मौके पर करीब 50 लाख रुपये दिए जाने की चर्चा बाजार में रही। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन उस समय व्यापारी ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार कर दिया था और दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत का मामला बताया था। इसके चलते पुलिस बिना कार्रवाई के लौट गई थी।
बताया जाता है कि एमसीएक्स, प्रापर्टी, हुंडी के व्यापार में किए जाने वाले अनाधिकृत लेन-देन को लेकर कई ब्रोकर डूबी राशि निकलवाने में लगे हुए हैं। इसमें बाहरी बदमाशों के साथ शहर के ही कुछ हिस्ट्रीशीटरों को भी साधा गया है। बिबडौद क्षेत्र का एक अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति भी इसमें संलिप्त बताया गया है। ताजा मामला शहर में चर्चा का विषय बना तो पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। सराफा व्यापारी विमल मांडोत द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच की जा रही है।
शहर में क्रिकेट और एमसीएक्स सट्टे से जुड़े बड़े बुकी अब अपनी सुरक्षा के लिए निजी गनमैन रखने लगे हैं। कई स्थानीय बदमाशों को भी हायर किया गया है। बाहर से बुलाए जाने वाले बदमाश अक्सर स्थानीय सटोरियों के इशारे पर रतलाम पहुंचते हैं और बाजारों में वसूली का काम करते हैं। इससे व्यापारिक क्षेत्रों में भय का माहौल बनने लगा है। नईदुनिया ने 26 फरवरी के अंक में प्रकाशित खबर में शहर में एमसीएक्स और क्रिकेट सट्टे के संगठित नेटवर्क को लेकर पहले ही चेताया दिया था।
शहर में हजारों ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा आईडी सक्रिय हैं। सट्टे की लत में कई युवा और व्यापारी अपनी जमा पूंजी गंवा चुके हैं। हार के बाद कर्ज बढ़ने पर विवाद, मारपीट और अवैध वसूली जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मालूम हो कि थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में 9 अक्टूबर 2025 को सट्टे की लत के चलते कर्ज में डूबे युवक सिद्धार्थ जैन द्वारा अपने ही घर में लाखों रुपये की चोरी करने का मामला भी सामने आया था।
यह भी पढ़ें- शिवपुरी में जेई के कहने पर कंप्यूटर ऑपरेटर ने ली 20 हजार की रिश्वत, EOW ने रंगे हाथों पकड़ा, दोनों पर मुकदमा दर्ज
13 अक्टूबर 2025 को सेठजी का बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। विवाद का कारण लेन-देन से जुड़ा होने का सामने आया था। मामले ने तूल पकड़ा तो कांग्रेस ने एसपी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी और सट्टे पर अंकुश लगाने की मांग की थी। इसके बाद माणक चौक पुलिस ने नितेश तलेरा उर्फ पिंकु मिर्ची और संजय गुगलिया उर्फ संजू बारिक सहित 20 लोगों पर बाउंडओवर की कार्रवाई की।
इसी तरह झाबुआ के कारोबारी संतोष जैन को मोबाइल और वाट्सएप काल पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में रतलाम के करमदी रोड निवासी बंटी उर्फ महोदय उर्फ चंद्रशेखर गुगलिया और प्रतापगढ़ निवासी आयुष राजौरा पर प्रकरण दर्ज किया गया था, जिसे भी सट्टे की लेनदेन से जुड़ा बताया गया था।
मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। व्यापारी की लिखित शिकायत थाने पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए गए हैं और जल्द ही प्रकरण दर्ज किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। - विवेक कुमार लाल, एएसपी