
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम रेलवे की शारीरिक दक्षता परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर दौड़ लगाने पहुंचे बिहार निवासी युवक को रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के कर्मचारियों ने पकड़कर जीआरपी चौकी रेलवे कॉलोनी के सुपुर्द किया।
युवक ने पूछताछ में 2 सितंबर को भी एक अन्य अभ्यर्थी के लिए दौड़ लगाने की बात स्वीकार की। जीआरपी ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम रेलवे द्वारा ग्रुप डी एवं लेवल-1 पदों की भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा रेलवे फुटबॉल मैदान, रतलाम में आयोजित की जा रही है। 6 सितंबर को शाम करीब 6 बजे टेक्नोलॉजी द्वारा नामित कर्मचारियों को पता चला कि जिला मुंगेर तहसील हवेली ढाडकपूर ग्राम रतनठा निवासी 26 वर्षीय अजीत कुमार पुत्र दिनेश कुमार कुशवाह इससे पहले 2 सितंबर को भी इसी मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुआ था। संदेह होने पर कर्मचारियों ने उससे पूछताछ की।
पूछताछ में अजीत ने बताया कि उसने 2 सितंबर को आयोजित परीक्षा में निरंजन कुमार के स्थान पर दौड़ लगाई थी, लेकिन निरंजन कुमार परीक्षा में अयोग्य पाया गया था। इसके बाद 6 सितंबर को भी अजीत कुमार किसी अन्य अभ्यर्थी कुंदन कुमार के लिए दौड़ लगाने के उद्देश्य से परीक्षा में पहुंचा था। हालांकि दौड़ शुरू होने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चाय पीने उतरे और छूटी ट्रेन, यात्री लापता; महानगरी साढ़े छह तो पाटलीपुत्र साढ़े पांच घंटे लेट
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के कार्यालय अधीक्षक दीपक राजेश्वर तिवारी ने कार्रवाई के लिए अजीत कुमार को जीआरपी चौकी रेलवे कॉलोनी के सुपुर्द किया। आवेदन में बताया गया कि मामले से संबंधित मांगे जाने वाले दस्तावेज रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है।