
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे युवक पर उसके पिता ने कांच की बोतल फोड़कर हमला कर दिया। आरोप है कि पिता ने बोतल के टूटे हिस्से से युवक के गले पर वार किया।
गंभीर रूप से घायल युवक को डायल-112 की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसके गले पर करीब 20 टांके लगाए गए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार बिरियाखेड़ी निवासी 20 वर्षीय समीर पुत्र शमी कुरैशी मंगलवार को 16 वर्षीय नाबालिग से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। इसी दौरान माता-पिता अचानक घर लौट आए। घर में युवक को देखकर नाबालिग के पिता नाराज हो गए और दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान नाबालिग के पिता ने घर में रखी कांच की बोतल फोड़कर उसके टूटे हिस्से से समीर के गले पर वार कर दिया। हमले में युवक के गले के बीचों-बीच करीब 7×2 सेंटीमीटर का घाव हुआ। चिकित्सकीय जांच में दो छोटी नसें कटने की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को डायल-112 वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। घटना के बाद नाबालिग भी मेडिकल कॉलेज पहुंची।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन अधिसूचना पर हाई कोर्ट सख्त, शासन नहीं दे सका जवाब, कोर्ट ने दिया चार सप्ताह का समय
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में उसने युवक को अपना प्रेमी बताया और उसके पिता पर कांच की बोतल से हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार दोनों करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते हैं। घायल युवक के बयान फिलहाल दर्ज नहीं हो सके हैं।
एसआई ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नाबालिग के बयान लिए जा रहे हैं। घायल के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।