
नईदुनिया न्यूज, सरवन (रतलाम) : थाना क्षेत्र के ग्राम पालवा में खेत में पड़े बिजली के तारों को उठाने की बात पर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद छोटे भाई ऊंकार चरपोटा ने अपने बड़े भाई 55 वर्षीय कमलाशंकर चरपोटा पर धारदार धारिये से हमला कर दिया। बचाव में कमलाशंकर ने हाथ ऊपर किए तो एक हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरे हाथ के कंधे के पास भी गंभीर चोट आई।
बीच-बचाव के दौरान कमलाशंकर के पुत्र महेंद्र की उंगलियों में भी चोट लगी। गंभीर घायल कमलाशंकर को रतलाम मेडिकल कालेज से इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित ऊंकार और उसके बेटे आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। ऊंकार का एक और बेटा रामपाल फरार है।
घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे की है। कमलाशंकर अपनी भैंस लेकर खेत पर गए थे। इसी दौरान ऊंकार शराब के नशे में वहां पहुंचा और बिजली के तार ऊपर नहीं उठाने की बात पर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पत्थर फेंककर मारा, जो कमलाशंकर की पीठ पर लगा।
शोर सुनकर रमेश चरपोटा, सुभाष चरपोटा और दामा डामोर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। कुछ देर बाद ऊंकार अपने दोनों पुत्र आशीष और रामलाल के साथ धारदार हथियार लेकर फिर वहां पहुंचा। तीनों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर ऊंकार ने कमलाशंकर पर हमला कर दिया।
बचाव में कमलाशंकर ने दोनों हाथ ऊपर किए तो एक हाथ कलाई के पास कटकर लटक गया। इस दौरान उनके दोनों पुत्रों ने बीच-बचाव किया, जिसमें महेंद्र की उंगलियों में भी चोट आई। हमले के बाद ऊंकार अपने दोनों पुत्रों के साथ कटा हुआ हाथ लेकर उनके घर पहुंचा।
परिवार के लोग कमलाशंकर को खेत से लाकर आंगन में लिटा चुके थे। ऊंकार और उसके पुत्र कटा हाथ वहां फेंककर धमकी देते हुए चले गए। घटना की सूचना घायल के पुत्र ने डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। जिला एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर खून से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने बताया कि प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित ऊंकार और आशीष को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। हमले में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 'रिश्ते के भाई की पत्नी से शादी की सनक': शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट ; अदालत से मिली उम्रकैद